उरई। रामपुरा थाना क्षेत्र में तेरह वर्षीय बालक को दिनदहाड़े ले जाकर हत्या किये जाने के एक दिन पहले हुए मामले की स्याही अभी सूख नही पाई थी कि गुरुवार को जालौन कोतवाली क्षेत्र में एक तीन वर्षीय बालक के रहस्यमय ढंग से लापता हो जाने का एक और मामला सामने आ गया है जिससे बच्चों के अभिभावकों में चिंता और भय की भावना गहरा उठी है।
ग्राम कैंथ में इंद्रपाल सिंह का तीन वर्षीय बेटा सम्राट उर्फ बुनू आज सुबह अपने घर के बाहर खेलते-खेलते अचानक गायब हो गया। जब वह काफी देर तक दिखाई नही दिया तो घरवालों को चिंता हुई तो उन्होंने बच्चे को गांव भर में तलाशा। लेकिन उसका कोई पता नही चला। इसके बाद बदहवास परिवार वालों ने पुलिस को सूचना दी। प्रभारी निरीक्षक संजय गुप्ता ने बताया है कि बच्चे का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
उधर बच्चे के पिता इंद्रपाल सिंह दिल्ली में रहकर मजदूरी करते हैं। घरवालों ने उन्हें सूचना भिजवा दी है। हालांकि रामपुरा थाना क्षेत्र में टीहर ग्राम के तेरह वर्षीय बालक की एक दिन पहले अपहरण के बाद हुई हत्या के मामले का खुलासा हो चुका है। लेकिन इसके बावजूद लोग दूसरे ढंग से ही सोच रहे हैं। यह अफवाह तेज है कि जिले में बच्चों को उठाने वाला कोई गिरोह सक्रिय हो गया है। इसे देखते हुए बच्चों के माता-पिता बेचैन हैं।







Leave a comment