उरई। जनपद में संचालित निर्माण कार्यों को समस्त कार्यदायी संस्थायें समय से पूर्ण करायें।
उक्त बात मुख्य विकास अधिकारी एस0पी0 सिंह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कार्यदायी संस्थाओं की समिति की बैठक में कही। उन्होंने कहा कि जनपद में स्वीकृत समस्त निर्माण कार्यों को समय-सीमा के अन्दर पूर्ण कराया जाये। इसमे किसी प्रकार का विलम्ब क्षम्य नहीं होगा। जिन योजनाओं के निर्माण हेतु पूर्ण धनराशि अवमुक्त हो चुकी है उनका निर्माण शीघ्रता से पूर्ण कराया जाये। जिससे इनका लाभ जनता को मिले और आवागमन में सुविधा हो। साथ ही पुनरीक्षित धनराशि की आवश्यकता न पड़े। 50 लाख से अधिक लागत वाली लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित होने वाली सड़कों का निर्माण जून 18 तक पूर्ण करने का हर सम्भव प्रयास करें साथ ही जो सम्पर्क मार्ग निर्माणाधीन चल रहें है उनका कार्य भी शीघ्र पूर्ण करायें। उन्होंने कहा कि गुलौली मुस्तिकल, खरका, बावली, पेयजल योजनायें पूर्ण दर्शाई जा रहीं है। इनका सत्यापन करा लिया जाये। सेतु निगम को निर्देश दिये कि वह पाल सरैनी, कोटरा तथा हमीरपुर-कालपी मार्ग पर उपरिगामी पुल का निर्माण शीघ्रता से करायें।
इस अवसर पर जिला संख्या अधिकारी वी0के0 कुशवाहा, लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, जल निगम के अधिशासी अभियन्ता तथा अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहें।

Leave a comment