उरई। आटा थानांतर्गत ग्राम ददरी के पास दंपति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पाकर मौके पर पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंच गए। वहीं पुलिस मामले की गहनता से छानबीन में जुटी हुई है।

ग्राम ददरी से तीन किलोमीटर दूर मंगलवार की सुबह ग्रामीणों ने दंपति के शव पड़े देखे जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने घटना की सूचना पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई तो वहीं पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह व कालपी सीओ सुबोध गौतम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर वहां का जायजा लिया। ग्राम ददरी निवासी राम सिंह पुत्र कामता प्रसाद व उसकी पत्नी अनीता सोमवार की देर शाम छप्पर बनाने के लिए घास लेने गए थे। आज सुबह जब ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे तो गांव से तीन किलोमीटर दूर उन्हें दोनों के शव पड़े दिखे जिसकी सूचना उन्होंने पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई। मृतक के एक पुत्र व पुत्री है। ग्रामीणों के अनुसार दोनों के बीच में मनमुटाव रहता था। वहीं अनीता दो वर्ष पहले ही मायके से लौटी थी। दोनों के बीच कोर्ट में समझौता हुआ था। अनुमान लगाया जा रहा है कि राम सिंह ने पहले कुल्हाड़ी से अनीता देवी पर वार कर दिया और जब उसकी मौत हो गई तो उसने खुद को भी गोली मार ली। फिलहाल पुलिस मामले की हर बिंदु पर जांच कर रही है तो वहीं जानकारी के अनुसार बीते दिन मृतक का छोटे भाई से भी विवाद हुआ था जिसके चलते छोटा भाई आटा थाने में शिकायत करने के लिए गया था लेकिन पूरे मामले को पुलिस ने गंभीरता से नहीं लिया।

Leave a comment