उरई। सड़क निर्माण में लगे पश्चिम बंगाल के लापता श्रमिक का शव बुधवार को रहस्यमय हालत में बरामद किया गया। इसे आत्महत्या की घटना का रूप देने की कोशिश की जा रही है। लेकिन मौके के हालात देखकर यह बात गले से नही उतरती। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
जालौन से औरैया के लिए बन रहे स्टेट हाइवे का ठेका अलकेश विश्वास के पास है। उन्होंने अपने मजदूरों का खाना बनवाने के लिए वेनू सरकार (55वर्ष) निवासी ग्राम व थाना धंतला जिला नदिया पश्चिम बंगाल को नियुक्त कर रखा था। 4 जून को वेनू गायब हो गया। जिसकी तलाश चल रही थी लेकिन कोई पता नही चल पा रहा था। आज पता चला कि कुठौंद थाना क्षेत्र में इटहा के पास सरकारी टयूबवैल नंबर 132 के नजदीक उसका शव फांसी के फंदे पर एक पेड़ पर लटका है। सूचना पाकर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। जिस पेड़ पर वेनू का शव लटका मिला वह इतना छोटा है कि उस पर फांसी लगाकर झूलना संभव नही है। पुलिस उपाधीक्षक संजय शर्मा ने बताया कि पड़ताल के लिए फारसिंक टीम की मदद ली जा रही है। टीम के निष्कर्ष सामने आने के बाद मजदूर की संदिग्ध मौत की गुत्थी सुलझाने में कामयाबी हासिल होने की संभावना है।




Leave a comment