उरई। सांसद के गोद लिए ग्राम हरदोई गूजर में विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण फाल्ट से भूसा घर में आग लग गई। जिससे एक किसान को भारी नुकसान झेलना पड़ा।
सांसद द्वारा एक गांव को विकास के लिए गोद लेने की योजना वैसे तो पूरे प्रदेश में कमोबेश लफ्फाजी की कवायद साबित हुई है। लेकिन जालौन जिले में यह स्थिति कुछ ज्यादा ही शर्मनाक है। इसके बावजूद सांसद भानुप्रताप वर्मा को कोई परवाह नही है। उन्हें न तो लोगों की व्यक्तिगत समस्याओं का निदान कराने में कोई दिलचस्पी रहती है और न ही सार्वजनिक कार्यों को कराने में। उन्हें यह भी गलतफहमी है कि लोग उन्हें मजबूरी में वोट देते हैं और आगे भी देते रहेगें।
उनके इस सोच के चलते उनके गोद लिए गांव हरदोई गूजर को बड़ी कीमत चुकानी पड़ रही है। जहां विकास की रफ्तार युद्ध स्तर पर संचालित होने की उम्मीद लगाई गई थी सो तो दूर जो सामान्य विकास हो रहा था वह भी गतिरोध की भेंट चढ़ गया। गांव के उदित नारायण तिवारी ने बताया कि गांव में विद्युत लाइनों की हालत पहले से जर्जर है। लेकिन सांसद का अभयदान विभाग के अभियंताओं को प्राप्त होने की वजह से वे सुधार के किसी काम में दिलचस्पी नही लेते। इसी का नतीजा है कि गत रात्रि हाईटेंशन लाइन में फाल्ट के बाद उदित नारायण तिवारी के भूसाघर में आग लग गई जिसमें उनका 5 ट्राली भूसा जलकर खाक हो गया। इसके चलते उदित नारायण तिवारी के सामने मवेशियों को छुटटा छोड़ने की नौबत आ गई है।




Leave a comment