भोपाल। मध्य प्रदेश के जानेमाने पत्रकार देव श्रीमाली को राज्य के अत्यंत सम्मानित राजेंद्र नूतन सर्वश्रेष्ठ रिपोर्टिंग पुरस्कार के लिए चुना गया है।
मूल रूप से भिंड के रहने वाले देव श्रीमाली ने बहुत छोटी उम्र में पत्रकारिता की शुरूआत भिंड के पहले दैनिक उदगार से की। इसके बाद ग्वालियर पहुंचकर वे दैनिक आचरण से जुड़ गये। इलेक्ट्रानिक मीडिया की शुरूआत के बाद देव ने एनडीटीवी के लिए भी रिपोर्टिंग की। इधर कई सालों से वे ग्वालियर से प्रकाशित सांध्य दैनिक इण्डिया शाम तक का संपादन कर रहे हैं। व्यक्तिगत बूते पर निकल रहा उनका यह अखबार किसी मीडिया हाउस के अखबार से कम दबदबेदार नही माना जाता। उन्होंने ग्रामीण पत्रकारिता संस्थान के माध्यम से मीडिया को गांवों से जोड़ने का असाधारण काम किया।
देव श्रीमाली की आपराधिक घटनाओं की रिपोर्टिंग कई दशकों से चर्चा का विषय बनती रहीं। इसलिए मध्य प्रदेश के पुलिस अफसरों में उनके नाम का खौफ जैसा रहा है। लेकिन जितने माहिर वे क्राइम रिपोर्टिंग में हैं उतनी ही प्रखर उनकी राजनीतिक समझदारी भी है। वे ग्वालियर में बैठकर दिल्ली के राजनैतिक घटनाक्रम पर सटीक भविष्यवाणी करने की क्षमता रखते हैं। इसलिए राजनैतिक क्षेत्र की दिग्गज हस्तियां उनकी कायल रहती हैं।
भोपाल के सप्रे संग्रहालय की आयोजना राजेंद्र नूतन पुरस्कार उन्हें मध्य प्रदेश के वित्त मंत्री जयंत मलैया और छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री सत्यनारायण शर्मा भेंट करेगें।

Leave a comment