उरई। जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम छानी खास में पति-पत्नी के विवाद के दौरान चाकू लग जाने से पति गंभीर रूप से घायल हो गया जिसकी बाद में मौत हो गई। मामले को लेकर मृतक के पिता ने ससुराली जनों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
उक्त ग्राम निवासी मिथुन (22वर्ष) पुत्र श्रीराम दोहरे का विवाह गत वर्ष 28 मई को मिरगांव थाना सिकंदरा में अखिलेश दोहरे की पुत्री ज्योति के साथ हुआ था। लेकिन शुरूआत से ही दोनों में आये दिन झगड़ा होने लगा। बुधवार की रात्रि मिथुन की पत्नी ज्याति के घरवाले तथा मौसी का लड़का इंद्रपाल भी छानी गांव में ही था। तभी देर रात मिथुन और ज्योति में झगड़ा हो गया जिसके दौरान कहा जाता है कि मिथुन ने अपने हाथ से चाकू से अपनी गर्दन काट ली। दूसरी ओर मिथुन के चाचा का आरोप है कि ज्योति का अपनी मौसी के लड़के इंद्रपाल से अवैध संबंध था और इसी के चलते दोनों में झगड़ा होता रहता था। कल रात झगड़े के दौरान इंद्रपाल ने मिथुन की गर्दन चाकू से काट दी।
चाकू लगने के बाद गंभीर हालत में मिथुन को जालौन के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां से डाक्टर की सलाह पर उसे जब जिला अस्पताल लाया जा रहा था तभी सातमील के पास उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बाद में शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता श्रीराम ने ससुर अखिलेश, सास प्रभा देवी तथा इंद्रपाल के खिलाफ कोतवाली में उसके पुत्र की हत्या करने की तहरीर दी है। जिसकी जांच की जा रही है।

Leave a comment