उरई। गुरुवार की रात कालपी में उप जिलाधिकारी के आवास पर नशे में चूर भाजपा कार्यकर्ताओ का उत्पात आज चर्चा का विषय रहा। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंच गई और एक उत्पाती को दबोच लिया जबकि तीन अन्य उत्पाती अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
जानकारी के मुताबिक कालपी में गुरुवार को रात लगभग 10 बजे एसडीएम सतीश चंद्र तहसील परिसर स्थित अपने आवास में खाना खा रहे थे तभी नशे में धुत चार कथित भाजपा कार्यकर्ता वहां पहुंच गये और सुरक्षा कर्मियों से उलझने लगे। सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें यह कहकर समझाने की कोशिश की कि साहब खाना खा रहे हैं। तब तक रुक लें, इसके बाद मुलाकात हो जायेगी। लेकिन इसमें अपनी हेठी मान रहे भाजपा के कथित कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को तुरंत बुलाने की बात कहते हुए शोरशराबा शुरू कर दिया और अशोभनीय हरकत करने लगे।
पानी सिर से ऊपर होता देख कोतवाली को सूचना दी गई जिससे कुछ ही देर में दरोगा जयनारायण दलबल सहित वहां पहुंच गये। उन्होंनें बबाल कर रहे एक आरोपी शैलेंद्र दीक्षित निवासी रामगंज को गिरफ्तार कर लिया। उसके भागे साथियों में महिपाल सिंह, प्रशांत सिंह सेंगर तथा मानवेंद्र सिंह शामिल बताये गये हैं। आरोपियों के खिलाफ शांति भंग का मुकदमा कायम कर लिया गया है। घटना को लेकर तहसील कर्मचारियों मे आक्रोश व्याप्त है।

Leave a comment