उरई। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के अवध प्रांत के नये स्वयं सेवकों का 20 दिन से झांसी रोड स्थित एल्ड्रिच पब्लिक स्कूल में चल रहा शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष का शिविर गुरुवार को देर शाम भव्य समापन समारोह के बीच पूरा हो गया। समापन समारोह के मुख्य अतिथि रंगमहल अयोध्या के महंत रामशरण दास जी महाराज रहे। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि संघ देश के लिए समर्पित स्वयं सेवकों का संगठन है। स्वयं सेवक जहां देश की रक्षा के लिए हर बलिदान को तत्पर रहते हैं वहीं राष्ट्र को क्षति पहुंचाने वाली ताकतों को मुंह तोड़ जबाब देने का हौसला भी रखते हैं। उन्होंने कहा कि संघ ने सामाजिक समरसता को कायम करने और बढ़ाने में भी अग्रणी भूमिका अदा की है।
मुख्य अतिथि के संबोधन के पहले पथ संचलन और शौर्य प्रदर्शन के आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किये गये। इसमें स्वयं सेवकों ने लाठियों से युद्ध स्तर पर पुल तैयार करने का प्रदर्शन भी किया। स्वयं सेवकों के प्रदर्शन पर शिविर का पूरा परिसर बार-बार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। प्रांत प्रचारक संजय जी ने इस अवसर पर कहा कि संघ का शिक्षा वर्ग ऋषियों की तपस्या की तरह है। जिस तरह ऋषि तपस्या करके बल और ज्ञान अर्जित करते थे। वैसे ही संघ के शिक्षा प्रशिक्षण में मन को एकाग्र करने की प्रेरणा और सार्थक कार्य करने की दिशा मिलती है। उन्होंने कहा कि सोमवार को यहां से सारे प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले स्वयं सेवक देश और समाज के लिए अपने जीवन को समर्पित करने का संकल्प लेकर विदा लेगें।
जिला संघ चालक संतोष त्रिपाठी, वर्गाधिकारी अशोक द्विवेदी और प्रांत संघ चालक ज्ञानेंद्र सचान भी मंचासीन रहे। इस दौरान स्वंय सेवकों ने सूर्य नमस्कार, प्रार्थना और व्यायाम के तरीके भी बताये। सांसद, विधायक और अन्य जन प्रतिनिधि समापन समारोह में सामान्य कार्यकर्ता की तरह उपस्थित रहे।







Leave a comment