उरई। भाजपा के कानपुर-बुंदेलखंड प्रांत के 17 जिलों के पदाधिकारियों की बैठक रविवार को जालौन रोड स्थित श्रीहरि होटल में आयोजित हुई। कई घंटों चली इस बैठक में लोकसभा के आगामी चुनाव की तैयारियों पर मुख्य रूप से चर्चा हुई। बैठक को गोपनीय रखा गया था जिसकी वजह से मीडिया को इसमें उपस्थित रहने की अनुमति नही दी गई।
भारतीय जनता पार्टी इलेक्शन मोड में आ गई है। इसके कारण निचले स्तर तक लोक सभा चुनाव के लिए नेतृत्व पार्टी के कील-कांटे दुरुस्त करने के लिए युद्ध स्तर पर जुट गया है। इसी क्रम में रविवार को श्रीहरि होटल में कानपुर-बुंदेलखंड प्रांत के जिलों के पार्टी पदाधिकारियों की बैठक क्षेत्रीय पदाधिकारियों ने ली। जिसमें उन्हें बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने के टिप्स दिये गये। बैठक में जन प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कुछ पदाधिकारियों ने सांसद और विधायकों पर पार्टी के हितों के विरुद्ध कार्य करने का आरोप लगाया। जिसे लेकर चखचख हुई। बाद में क्षेत्रीय अध्यक्ष मानवेंद्र सिंह ने कहा कि यह मौका आपस में कलह करने का नही है। जन प्रतिनिधि और संगठन के पदाधिकारी सभी पार्टी के निष्ठावान लोग हैं। उन्हें इस समय केवल लोक सभा चुनाव के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए कार्य करना चाहिए। उन्होंने पार्टी के प्रत्येक समर्थक का वोट चुनाव में डलवाने के लिए अचूक कार्यनीति के टिप्स दिये। बैठक लगभग 6 घंटे तक चली।







Leave a comment