* इलाकाई पुलिस से लेकर आईजी, डीआईजी और सीएम पोर्टल तक भेज चुका है शिकायतें
* मामला भाजपा सभासद के साथ हुई मारपीट का
कोंच-। सत्तादल के पालिका सभासद की पिटाई और लूटपाट का मामला आजकल सुर्खियों में है। गुजरी 30 मई की शाम को कतिपय दबंगों द्वारा सभासद के साथ दर्जन भर लोगों ने जबर्दस्त मारपीट करते हुये उसकी जेब में पड़े 5500 रुपये भी छीन लिये थे और मामले की रिपोर्ट करने जब वह कोतवाली गया तो सभासद का आरोप है कि पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी। हालांकि सभासद ने इस मामले की शिकायत आईजी डीआईजी से लेकर मुख्यमंत्री पोर्टल तक की है लेकिन न्याय के लिये सभासद आज भी गुहार लगाता घूम रहा है। सभासद ने रविवार को अपने आवास पर बुलाई पत्रकार वार्ता के दौरान प्रशासन और पुलिस को चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह में उसकी एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती है तो वह भूख हड़ताल पर जाने को मजबूर होगा।
गौरतलब है कि भाजपा के तिलक नगर वार्ड संख्या 10 के पालिका सभासद रविकांत कुशवाहा की चाची शकुंतला पत्नी श्रीराम कुशवाहा निवासी तिलक नगर कोंच के नदीगांव रोड स्थित एक प्लॉट पर कतिपय दबंगों ने अबैध रूप से कब्जा करने का प्रयास किया और के प्लॉट के अंदर चीरे लगा लिये थे। इसकी खबर जब रविकांत को मिली तो वह मौके पर गये और कब्जा करने बालों से बात की तो वे लोग रविकांत के ऊपर पिल पड़े और उसकी जमकर मारपीट कर लहूलुहान कर दिया। हमलावरों के चंगुल से छूट कर किसी तरह रविकांत ने अपनी जान बचाई और मामले की तहरीर कोतवाली में देकर इकलाख पुत्र नजीरबख्श निवासी हृदेशाह जालौन आदि दर्जन भर लोगों के खिलाफ मारपीट और 5500 रुपये छीन लेने का आरोप लगाते हुये मुकदमा दर्ज करने का अनुरोध किया। रविकांत के मुताबिक पुलिस ने उसकी रिपोर्ट नहीं लिखी और चलता कर दिया, न ही उसका चिकित्सीय परीक्षण कराया। रविवार को अपने आवास पर बुलाई पत्रकार वार्ता के दौरान सभासद ने कहा कि एक तरफ पुलिस उसकी रिपोर्ट नहीं लिख रही है और दूसरी तरफ हमलावर लगातार उसे धमकियां दे रहे हैं जिससे उसका पूरा परिवार भयभीत है। उसने प्रशासन और पुलिस को चेतावनी देते हुये सप्ताह भर की मोहलत एफआईआर दर्ज करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये दी है, अन्यथा की स्थिति में उसने भूख हड़ताल शुरू कर देने की बात कही है।

फोटो-कोंच2-पत्नी के साथ शिकायत करने कोतवाली पहुंचा हमले का शिकार राजेन्द्र
हथौड़ा मार कर फोड़ दिया सिर
कोंच। बच्ची को मारने से रोकने पर परिवार के लोगों ने उसकी मार पिटाई कर दी और सिर में हथौड़ा मार कर उसका सिर फोड़ दिया तथा नाक में भी गंभीर चोट आई है। पीडि़त ने कोतवाली में तहरीर दी है लेकिन उसकी डॉक्टरी नहीं करा कर मामले की जांच करने की बात कह कर उसे टरका दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक कस्बे के मुख्य राजमार्ग पर सहकारी क्रय विक्रय समिति के पास लौहपीटा परिवारों के डेरे हैं। रविवार की सुबह एक लौहपीटा राजेन्द्र की बेटी काजल को उसके ही कुनबे के अमरसिंह व भूरा पुत्रगण गंभी किसी बात को लेकर पीटने लगे तो राजेन्द्र ने उन्हें ऐसा करने से मना किया जिस पर दोनों हमलावरों ने उसकी भी पिटाई कर दी तथा सिर में हथौड़ा मार कर घायल कर दिया। लहूलुहान हालत में राजेन्द्र को उसकी पत्नी सोमवती कोतवाली ले गई और मामले की शिकायत की। पुलिस ने उसकी तहरीर रख कर मामले की जांच करने की बात कह कर वहां से टरका दिया जबकि जिस हालत में राजेन्द्र था उसकी डॉक्टरी करानी जरूरी थी। बहरहाल, राजेन्द्र खुद ही अस्पताल गया और मरहम पट्टी कराई।

फोटो-कोंच3-तहसीलदार को ज्ञापन देते भाकियू कार्यकर्ता
‘गेहूं की खरीद में सरकार बना रही किसानों को बेबकूफÓ
* वारदाना और खरीदे गेहूं की उठान नहीं होने का बहाना कर क्रय केन्द्र नहीं खरीद रहे किसानों का गेहूं
कोंच। अधिकांश गेहूं क्रय केन्द्रों पर खरीद का काम बंद होने की बजह से किसान परेशान हैं और दूसरी तरफ सरकार परदर्शिता के साथ गेहूं की खरीद होने के दावे कर किसानों को बेबकूफ बना रही है। कहीं वारदाना नहीं है तो कहीं क्रय किया हुआ माल डंप होने और उठान नहीं होने का बहाना बना कर किसानों का गेहूं नहीं खरीदा जा रहा है। यह बात रविवार को भारतीय किसान यूनियन की मासिक पंचायत में संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने कही। पंचायत के दौरान भाकियू के मंडल अध्यक्ष रहे स्व. रामलखन इटा के पुत्र कर्णवीर सिंह को तहसील कोंच का महासचिव मनोनीत किया गया।
रविवार को गल्ल मंडी में भाकियू की मासिक पंचायत रामदास कुशवाहा की अध्यक्षता एवं संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुई। जादौन ने कहा कि अभी भी तमाम किसानों का गेहूं बिकने के लिये रह गया है जबकि खरीद की मियांद पांच दिन बाद खत्म होने बाली है। उन्होंने सरकार से खरीद की समय सीमा 15 जून से बढा कर 30 जून करने की मांग उठाई है। पंचायत में किसानों ने अन्य समस्याओं की ओर भी शासन प्रशासन का ध्यान खींचने का प्रयास करते हुये कहा कि नहर विभाग अधूरे पड़े कार्य शीघ्र ही पूरे कराये जैसे सिल्ट सफाई और टूटी पुलियों की मरम्मत का कार्य बारिश के पूर्व निपटा लिया जाना चाहिये। राजकीय और विश्व बैंक कलस्टर के नलकूपों का भूगर्भ जल स्तर नीचे जा चुका है जिसके कारण नलकूप हंटिंग कर रहे हैं। नलकूप संख्या 27 व 29 में पाइप बढाये जायें तथा 51 का रीबोर कराया जाये। जैट्रोफा और नागफनी पर जो अनुदान राज्य सरकार दे रही है वह राशि किसानों को तार फेंसिंग पर दी जाये ताकि अन्ना प्रथा में कुछ तो रोक लग सके। पंचायत में किसानों से अधिकाधिक संख्या में हरिद्वार के राष्टï्रीय अधिवेशन में पहुंचने का आह्वïान किया गया। इस दौरान जिलाध्यक्ष ब्रजेश राजपूत, तहसील अध्यक्ष चतुरसिंह पटेल, डॉ. द्विजेन्द्रसिंह, भगवानदास, जयराम, डॉ. पीडी निरंजन, रामप्रताप सिंह, महेन्द्रसिंह, चंद्रपाल, बाबूराम, लल्लू टेंनगुरिया सहित तमाम किसान मौजूद रहे।

फोटो-कोंच4-रंगकर्मियों को अभिनय की बारीकियां बताते बरिष्ठ रंगकर्मी
सफलता के लिये मेहनत के अलावा और कोई शॉर्टकट नहीं-अनिल वैद
कोंच। इप्टा सरंक्षक अनिल वैद ने कहा है कि सफलता हासिल करने का पहला मंत्र है कड़ी मेहनत। मेहनत का कोई शॉर्टकर्ट नहीं होता। यदि अपने पाठ्यक्रम की आवश्यकता के अनुसार कड़ी मेहनत करते हैं तो उसका सकारात्मक प्रतिफल अवश्य ही मिलता है। यह बात उन्होंने अमरचंद्र महेश्वरी इंटर कॉलेज में भारतीय जन नाट्य संघ इप्टा इकाई कोंच की चल रही 18वीं ग्रीष्मकालीन बाल एवं युवा रंगकर्मी नाट्य कार्यशाला में कही।
इप्टा के प्रांतीय सचिव/ इकाई सरंक्षक डॉ. मोहम्मद नईम बॉबी ने रंगमंच की विधा पर गहराई से प्रकाश डाला।
नाट्य प्रशिक्षक पुष्पेन्द्र सिंह ने कहा कि हमेशा जीवन में बड़े सपने देखें और लांग टर्म गोल बनाएं। जब भी ऐसा लगे कि आप हार रहे हैं तो अपने सपनों को याद करें। खुद को यह अहसास दिलाएं कि सपने इतने कीमती हैं कि संघर्ष उन सपनों के सामने कुछ भी नहीं है। रंगकर्मी टिंकल राठौर ने सफलता के मूलमंत्र पर फोकस करते हुये कहा कि संसार की सबसे मूल्यवान चीज है समय। सभी के पास चौबीस घंटे होते हैं और जो इस समय का सही उपयोग कर लेता है वही सफल व्यक्ति है। रंगकर्मी अंकुर राठौर ने कहा कि जीवन में जब भी कोई अच्छा अवसर आये तो उसे चुकाना नहीं चाहिये। एकाग्रता के साथ आगे बढना सीखो। इस दौरान भाजपा के विधानसभा विस्तारक शैलेन्द्रसिंह, धर्मेन्द्र राठौर आदि ने भी कार्यशाला का निरीक्षण किया और नन्हें रंगकर्मियों का उत्साहबद्र्घन किया।

पांच सदस्यीय समिति करायेगी निर्माण
* किराया नहीं अदा करने बालों को नोटिस जारी करेगी धर्मादा
कोंच। गल्ला व्यापारियों की संस्था श्री धर्मादा रक्षिणी सभा द्वारा बल्दाऊ धर्मशाला में प्रस्तावित निर्माण कार्यों की देखरेख के लिये पांच सदस्यीय निर्माण समिति गठित की है। इसके अलावा संस्था की परिसंपत्तियों का किराये पर उपभोग कर रहे ऐसे किरायेदारों जो समय से किराया अदा नहीं कर रहे हैं, को नोटिस देने की तैयारी में है।
धर्मादा की अहम् बैठक रविवार को बल्दाऊ धर्मशाला में संस्था अध्यक्ष गंगाचरण वाजपेयी की अध्यक्षता एवं मंत्री मिथलेश गुप्ता के संचालन में संपन्न हुई। धर्मादा की संपत्ति बल्दाऊ धर्मशाला में कुछ निर्माण कार्य प्रस्तावित हैं जिनकी देखरेख के लिये पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में राममोहन रिछारिया, अखिलेश बबेले, जयप्रकाश मुखिया, ओमशंकर अग्रवाल, रमेश तिवारी को शामिल किया गया है। बैठक में सर्वसम्मति से यह भी प्रस्ताव पारित किया गया कि संस्था की परिसंपत्तियों का उपभोग करने बाले ऐसे किरायेदारों जिन्होंने किराये की अदायगी नहीं की है, को संस्था नोटिस जारी करेगी। इस दौरान कोषाध्यक्ष नवनीत गुप्ता भी मौजूद रहे।

बिजली के करंट से महिला की मौत
कोंच। रविवार की सुबह एक महिला कूलर में पानी डाल रही थी तभी उसे बिजली का जोरदार करंट लगा जिसके चलते उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक कस्बे के मोहल्ला तिलक नगर निवासी राजेन्द्र अग्रवाल की पत्नी साधना (50) सुबह सो कर उठी थी, उसने देखा कि जिस कूलर की हवा में उसका बेटा सो रहा है उस कूलर में पानी खत्म हो गया है। वह बिना कूलर बंद किये उसमें पानी डालने लगी। इसी बीच उसे बिजली के करंट का तेज झटका लगा और वह अचेत हो गई। परिवार के लोगों ने देखा तो उसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। परिवार के लोगों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया है।

बाप बेटे ने घर में अकेली महिला को दबोचा
कोंच। एक महिला के साथ कथित रूप से छेड़खानी किये जाने के मामले में कोर्ट के आदेश पर कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। मिली जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की एक महिला ने आरोप लगाया है कि जब वह घर में अकेली थी तभी ग्राम नगेपुरा निवासी वीरेन्द्र पटेल व उसका बाप नरेश पटेल घर में घुस आया तथा उसके साथ छेड़खानी कर दी। घटना 25 अक्टूवर 2017 की बताई गई है।

Leave a comment