उरई। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के शिक्षा वर्ग प्रथम वर्ष के समापन समारोह में हाजिरी बजाने आये भारतीय जनता पार्टी के बुंदेलखंड क्षेत्र के संगठन मंत्री ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने रविवार की रात आटा में जन चौपाल लगाई जिसमें क्षेत्रीय विधायक नरेंद्र सिंह जादौन भी उपस्थित रहे।
चौपाल का शुभारंभ ओमप्रकाश श्रीवास्तव और नरेंद्र पाल सिंह जादौन ने पं. दीनदयाल उपाध्याय और श्यामाप्रसाद मुखर्जी के चित्रों पर माल्यापर्ण कर किया। इस दौरान ग्रामीणों ने आटा में आवास, वृद्धा पेंशन, शौचालय, विकलांग पेंशन, स्वास्थ्य आदि से जुड़ी समस्याओं को उनके सामने रखा। खराब और जर्जर विद्युत तारों को बदलने की मांग ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से की। विकास अहिरवार ने बिजली विभाग के अवर अभियंता अजीत वर्मा पर रिश्वतखोरी का आरोप लगाया। जिस पर ओम प्रकाश श्रीवास्तव ने उन्हें कड़ी फटकार लगाई।
खंड विकास अधिकारी अजितेष सिंह ने विभिन्न योजनाओं के तहत उठाये गये कदमों की जानकारी दी। क्षेत्रीय संगठन मंत्री ओम प्रकाश ने लोगों को केंद्र और प्रदेश सरकार के जनहितकारी कार्यक्रमों से अवगत कराया। भगवती प्रसाद, राजकुमार अग्रवाल, मंडल अध्यक्ष विनोद पुरवार, अमित द्विवेदी, रविंद्र तिवारी, सत्यनारायण वर्मा आदि मौजूद रहे। संचालन अमित द्विवेदी ने किया।



Leave a comment