
कोंच-उरई| घरेलू हिंसा के बढते दायरे ने आधी आबादी का जीना दुश्वार कर के रख दिया है। ससुरालियों द्वारा आये दिन मारपीट करने से आजिज इन महिलाओं के सब्र का बांध जब टूटा तो उन्होंने न्याय के लिये पुलिस की शरण में जाकर गुहार लगाई है। ऐसे ही कस्बे के मोहल्ला भगतसिंह नगर के दो मामले सोमवार को कोतवाली पहुंचे जिनमें महिलाओं ने ससुरालियों पर मारपीट का आरोप लगाते हुये उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है।
पहले मामले में राजकुमारी पत्नी कन्ने निवासी भगतसिंह नगर ने पुलिस में शिकायत की है कि उसकी शादी पंद्रह साल पहले हुई थी और उसको अपने पति से दो संतानें भी हैं लेकिन उसका आरोप है कि पति आये दिन उसके साथ मारपीट करता है और मिट्टी का तेल डाल कर जला कर उसे मार डालना चाहता है और उसके इस कार्य में ससुराल के अन्य लोग भी पति के साथ हैं। उसके पति ने दोनों संतानें उससे छीन कर मारपीट करके घर से निकाल दिया है जिसके चलते वह एक साल से अपने पिता तुलसीराम के पास मायके में पचोखरा रहती है। राजकुमारी का कहना है कि वह अक्सर बीमार रहती है लेकिन पिता की गरीबी उसके इलाज में बाधक है। सोमवार को वह सुबह लगभग ग्यारह बजे अपनी ससुराल आई लेकिन पति कन्ने पुत्र परमाल ने उसे घर में नहीं घुसने दिया और जान से मारने की धमकी भी दी है।

दुसरा मामला भी इसी भगतसिंह नगर मोहल्ले का है, रुखसार पत्नी शाहरुख ने कोतवाली में शिकायत करते हुये बताया है कि उसकी शादी तीन साल पहले हुई थी और उसका एक साल का बच्चा भी है। सोमवार को बीमार बच्चे को दवा खिला रही थी तभी ससुर खलील, सास गुन्नाव, ननद नीलो तथा देवर सलमान ने उसके साथ गाली गलौज करते हुये उसकी लात घूंसों से पिटाई कर दी। उसका आरोप है कि ऐसा उसके साथ आये दिन होता है। चूंकि उसने अपनी मर्जी से शाहरुख के साथ शादी की थी इसलिये उसके ससुराल बाले उससे खफा हैं क्योंकि वह दहेज में मोटी रकम नहीं लाई थी। उसने ससुराल बालों से अपनी जान का खतरा बताते हुये न्याय दिलाने की मांग की है।



Leave a comment