उरई। माधौगढ़ में एक बार फिर उप जिलाधिकारी और पुलिस आमने-सामने आ गये हैं। पुलिस ने मौरम लादकर जा रहे दो ट्रकों से लूटपाट करने के आरोप में जिन दो लोगों को चालान किया उनके बारे में आरोप लगाया जा रहा है कि वे उप जिलाधिकारी की ओर से ट्रकों से जबरिया वसूली करते थे। दूसरी ओर इस दुष्प्रचार से चिढ़े उप जिलाधिकारी ने कहा है कि ओवर लोडेड ट्रकों को पकड़ने में माधौगढ़ की पुलिस उनके साथ उनके साथ सहयोग नही कर रही है।
पिछले उप जिलाधिकारी और कोतवाल में भी मौरम ट्रकों की धरपकड़ को लेकर काफी ठनी रही थी। उप जिलाधिकारी के बार-बार शिकायत करने पर पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने जिलाधिकारी के अनुरोध को देखते हुए तत्कालीन कोतवाल रुद्रकुमार सिंह का तबादला कर दिया था। लेकिन इसके बाद पूर्व उप जिलाधिकारी सौजन्य कुमार विकास द्वारा ओवर लोडेड ट्रक रात भर मध्य प्रदेश के लिए गुजारने की गूंज तेज हो गई। अंततोगत्वा शिकायतों की बाढ़ की वजह से उस समय के उप जिलाधिकारी सौजन्य कुमार को शासन ने जनपद से हटा दिया।
इस उठापटक की स्याही अभी सूखी नही थी कि मौजूदा उप जिलाधिकारी व कोतवाल भी ऐसी ही शिकायतों को लेकर एक-दूसरे के आमने-सामने आ गये हैं। मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले के अंशू तोमर ने मंगलवार को माधौगढ़ थाने में तहरीर दी कि बंगरा रोड पर उनके दो मौरम लादकर जा रहे ट्रक रोककर जितेंद्र सविता निवासी शंकरपुर और विजय निवासी माधौगढ़ ने कई साथियों के साथ ड्राइवरों से 20-20 हजार रुपये लूट लिए। माधौगढ़ पुलिस ने इस पर तेजी से कार्रवाई करते हुए रामपुरा बस स्टैण्ड पर इन दोनों को स्कार्पियों से जाते समय पकड़ लिया। साथ में एक बुलेरों भी थी जिसमें इनके साथी बैठे थे। वे लोग पुलिस कार्रवाई के दौरान भाग निकले।
इस बीच यह चर्चा गर्म हो गई कि रात में माधौगढ़ के उप जिलाधिकारी के गुर्गे मौरम लादकर निकलने वाले ट्रकों से जोर-जबर्दस्ती के साथ वसूली करते हैं। माधौगढ़ पुलिस द्वारा पकड़े गये आरोपी उप जिलाधिकारी के गुर्गों में ही शामिल थे। उप जिलाधिकारी मनोज कुमार को बताया गया कि उन्हें बदनाम कराने के लिए माधौगढ़ पुलिस द्वारा यह अफवाह फलाई गई है। इससे वे नाराज हो गये। उनका कहना है कि मंगलवार को उन्होंने पांच ओवर लोडेड ट्रक पकड़े थे जिन्हें ले जाने के लिए वे प्रभारी निरीक्षक माधौगढ़ को फोन करते रहे लेकिन वे नही आये। अन्य कई बार और भी उन्होंने ओवर लोडेड ट्रक पकड़ने में उन्हें सहयोग नही किया। इस तरह एक बार फिर माधौगढ़ में उप जिलाधिकारी और पुलिस के बीच विवाद गहरा गया है। देखना है कि इसकी वजह से किस तरह के आरोप प्रत्यारोप सामने आते हैं।






Leave a comment