उरई। अवैध बालू खनन को रोकने के लिए शासन की कड़ी नजर के कारण प्रशासन सरगर्म है। मंगलवार को खनिज विभाग की टीम ने पुलिस के साथ कालपी क्षेत्र में यमुना तथा नून नदी के तटवर्ती इलाकों में छापेमारी की। इस दौरान कई स्थानों पर बालू की सुरंगों को जेसीबी से जमीदोंज करा दिया गया।
मालूम रहे कि महेबा ब्लाक के नून नदी के तटवर्ती कुटरा गांव के समीप जमीन तथा टीले में सुरंगों को बनाकर अवैध रूप से बालू खनन की कारगुजारी सुर्खियों में रहती है। जानकारी होते हुए भी पहले खनिज विभाग इसकी अनदेखी कर रहा था लेकिन शासन के तेवर सख्त होते ही खनिज विभाग का भी रवैया बदल गया। जिला खनिज अधिकारी राजेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस और उनके विभाग की संयुक्त टीम कुटरा क्षेत्र पहुंची जिसमें प्रभारी निरीक्षक कोतवाली सुधाकर मिश्रा भी थे।
टीम ने टीले तथा बालू की भूमिगत सुरंगें जेसीबी से ध्वस्त करा दीं। इससे अवैध खनन का सारा सरंजाम मटियामेट हो गया। खनिज विभाग की इस कार्रवाई से माफियाओं में खलबली मची हुई है।





Leave a comment