उरई। बिजली विभाग की लापरवाही के कारण एक ग्रामीण को बेशकीमती भैंस से हाथ धोना पड़ा। इससे आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत सबस्टेशन पर हंगामा किया।
ग्राम कुठौंद में लल्लन पाल बुधवार को दोपहर में भैंस को छाया में बांधने के लिए ले जा रहे थे। इस बीच नाली में गड़े पोल में कई दिन से करंट आ रहा था। भैंस का पैर नाली में पड़ गया। जिससे वह करंट की चपेट में आ गई। करंट इतना तेज था कि उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। भैंस की कीमत 90 हजार रुपये बताई गई है। इसके कारण उसकी मौत से लल्लन पाल को करारा झटका लगा जबकि उनकी आर्थिक स्थति बहुत अच्छी नही है।
लल्लन पाल के साथ-साथ विजय, पालम, मस्ताना, रामबाबू, दीपू मिश्रा, रामनरेश मिनी, राकेश, अनिल पाल आदि ने बताया कि कई दिन पहले से वे बिजली विभाग को नाली में गड़े पोल के कारण करंट आने की जानकारी दे रहे थे। लेकिन विभाग ने बचाव का कोई प्रयास नही किया। भैंस की मौत से लल्लन पाल को हजारों की चपत लगने के कारण वे बर्बादी की कगार पर पहुंच गये हैं। ग्रामीणों ने अपना गुस्सा जताने के लिए विद्युत उपकेंद्र पर प्रदर्शन किया। साथ ही थाने में भी एक तहरीर दी है।

Leave a comment