उरई। जालौन जनपद की पत्रकारिता के एक प्रमुख स्तंभ संजय श्रीवास्तव को राष्ट्रीय सहारा का जिला संवाददाता नियुक्त किया गया है। राष्ट्रीय सहारा में यह उनकी दूसरी पारी होगी।
संजय श्रीवास्तव का नाम जालौन जनपद के पत्रकारिता जगत में किसी परिचय का मोहताज नही है। उनके पिता स्व. रामेश्वर दयाल श्रीवास्तव आजादी के पहले से अंग्रेजी पायनियर के संवाददाता रहे हैं। उनके बड़े भाई राजीव श्रीवास्तव ने भी टाइम्स आफ इण्डिया के जिला संवाददाता के रूप में अपनी सेवाएं दीं।
संजय श्रीवास्तव की खुद की पत्रकारिता की उम्र भी कोई कम नही है। उन्होंने पिछले तीन दशकों तक धुआंधार पत्रकारिता की है। जिसमें अमृत प्रभात, राष्ट्रीय स्वरूप आदि दैनिक, साप्ताहिक समाचार पत्रों में सेवाएं देने के बाद उन्होंने लगभग डेढ़ दशक तक राष्ट्रीय सहारा के जिला संवाददाता के रूप में कार्य किया और इस दौरान अखबार को नई बुलंदियों पर पहुंचाया। सिद्धांतों के धनी संजय श्रीवास्तव ने बाद में कुछ मुददो पर मतभेद की वजह से सहारा से किनारा कर लिया था। लेकिन सहारा परिवार ने अब उन्हें नये सिरे से अपनाने की घोषणा की है। जिसके बाद जिले में गरिमामय और वजनदार पत्रकारिता के बंद हो चुके अध्याय की नये सिरे से शुरूआत की उम्मीदें रोशन हो गई हैं।

Leave a comment