उरई। माधौगढ़ थाना क्षेत्र के रुद्रपुरा में बीती रात चोरों ने रात में तीन घरों में जेवर और नगदी पर हाथ साफ कर दिये। जबकि बाद में वे एक और घर को निशाना बना रहे थे उसी समय घर में जगाहट हो जाने की वजह से उन्हें उल्टे पैरों वापस होना पड़ा।
जानकारी पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। बताया गया है कि चोरों ने अनिल सिंह पुत्र घनश्याम सिंह के घर में सेंध लगाई जहां अनिल की बहन पूजा इन दिनों मायके आई हुई थी। वारदात के दौरान घर के लोग बिजली न आने से छत पर सो रहे थे। चोरों ने इसका फायदा उठाया और दरवाजा तोड़कर अंदर घुस गये। उन्होंने पूजा के झुमकी, अंगूठी, जंजीर आदि आभूषण और 10 हजार रुपये नगद चुरा लिए। इसके बाद चोर पड़ोस में संतोष सिंह पुत्र हरनारायण के घर घुस गये। उनके यहां बक्सा खंगालकर 2 हजार रुपये की नगदी व झुमकी ले गये। इसके बाद वे भगवान सिंह पुत्र करन सिंह के घर पहुंचे। जहां मकान में ताला लगा होने की वजह से चोर नसैनी लगाकर छत के रास्ते से घुसे। उन्होंने भगवान सिंह के घर में शराब पी और धूम्रपान किया और फिर उनके पड़ोसी हरनाम सिंह के मकान में घुसने की कोशिश की लेकिन यहां खटपट की आवाज से हरनाम सिंह जाग गये और उन्होंने चोरों को ललकारा। जिससे चोर भाग खड़े हुए।
बाद में अन्य लोगों ने अपना घर देखा तो तीन लोगों के यहां सामान बिखरा मिलने से चोरी का आभास हो गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर आकर जांच की है लेकिन अभी तक कोई सुराग हाथ नही लगा है।




Leave a comment