उरई। एक रात को हुई चोरी की तीन वारदातों ने जालौन में पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है। गुरुवार की रात चोरों ने कस्बे में दो दुकानों तथा एक रिहायशी मकान को अपना निशाना बनाकर नगदी, जेवरात मिलाकर लाखों रुपये के सामान पर से हाथ साफ कर दिया। पीड़ितों ने पुलिस में शिकायत कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जालौन के मोहल्ला हृदयशाह निवासी नसीम रमजान के रोजे रख रहा था। गुरुवार को वह रोजा अफ्तार करने के बाद दैनिक क्रियायें संपन्न करके परिवार के साथ सो गया। शुक्रवार की सुबह जब वह शहरी के लिए 4 बजे जागा तो देखा घर में सारा सामान बिखरा पड़ा है। चोरी होने का अंदाजा लगते ही उसके होश उड़ गये। उसने पड़ताल की तो 10 हजार रुपये नगद और 80 हजार के जेवरात गायब थे। बाद में उसने पुलिस को वारदात की सूचना दी।
इसी तरह शुक्रवार की सुबह लोग जब बाजार से निकले तो जोशियाना निवासी सुनील सुहाने की झंडा चौराहा स्थित कपड़े की दुकान के ताले चटके मिले। दुकानदार के आने पर पता चला कि चोर रात में करीब 92 हजार रुपये के कपड़े दुकान से उठा ले गये। उधर गांधी बाजार में आशीष विश्नोई के हरीओम किराना स्टोर से 30 हजार रुपये कीमत के चार बोरी मसाला चोर ले गये। इन वारदातों की खबर पर चौकी प्रभारी शीतला प्रसाद मिश्रा ने तीनों जगह मौका मुआयना किया। हालांकि चोरों का कोई सुराग नही मिल सका है।

सीओ ने दिया कारण बताओ नोटिस
जालौन में मुख्य बाजार झंडा चौराहा पर रात 8 बजे से सुबह तक पिकेट की डयूटी रहती है। पिकेट की डयूटी होने के बाद भी बाजार में चोरी हो जाने की घटना को गंभीरता से लेते हुए सीओ संजय कुमार शर्मा ने संबंधित पुलिस कर्मियो से नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा है। उन्होंने कहा कि जबाव मिलने के बाद इस मामले में कार्रवाई की जायेगी।

Leave a comment