उरई। माधौगढ़ क्षेत्र में ओवर लोडेड बालू ट्रकों के आवागमन के कारण जनजीवन के सिर पर मौत की छाया मंडरा रही है। प्रशासन और पुलिस इस पर रोक के नाम पर जुबानी जमा खर्च के अलावा कोई ठोस कदम नही उठा रहा है।
गुरुवार को देर रात एक तेज रफ्तार बालू भरा ट्रक कैलोर के मोड़ पर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े बिजली के खंभों से टकरा गया जिससे दो खंभे, ट्रांसफार्मर और बिजली के तार टूटकर गिर पड़े। गनीमत यह थी कि उस समय बिजली नही आ रही थी वरना यह दुर्घटना गंभीर रूप ले सकती थी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक की रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर उसे पोल से टकराने के बाद भी काबू में नही कर पाया। जिससे ट्रक पलट गया और पास में बने अवधेश भदौरिया के मकान की दीवाल टूटते-टूटते बची।
बालू माफियाओं की दबंगई का आलम यह है कि सुबह भी ओवर लोडेड ट्रकों का निकलना बंद नही होता। शुक्रवार की सुबह भाजपा कार्यालय के सामने ही एक ओवर लोडेड ट्रक गडडे में फंस गया। जिससे भाजपाई उद्वेलित नजर आये। पर पुलिस और प्रशासन को सत्तारूढ़ पार्टी की नाराजगी की परवाह शायद ही हो।





Leave a comment