* सुरक्षा के रहे पुख्ता इंतजाम, पुलिस फोर्स के साथ पीएसी भी तैनात रही

* ईदगाह समेत विभिन्न मस्जिदों में आठ हजार लोगों ने पढी ईद की नमाज

कोंच-उरई । नगर व क्षेत्र में शनिवार को प्रमुख इस्लामिक पर्व ईद-उल-फितर पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही भीषण उमस भरी गर्मी के बीच ईद की नमाज पढी गई। ईदगाह के अलावा कस्बे की विभिन्न मस्जिदों में ईद की नमाज अता की गई। ईदगाह पर हाफिज सलीम ने नमाज पढवाई, तत्पश्चात नमाजियों ने मुल्क में अमन और शांति के लिए दुआ मांगी। सभी लोगों ने एक दूसरे के गले मिल कर ईद की मुबारकबाद दी। बच्चे काफी खुश नजर आ रहे थे और रंगबिरंगी तितलियों की तरह यहां वहां फुदक रहे थे। कोई आइस्क्रीम खा रहा था, तो कोई अपनी नन्ही गुडिय़ा के लिए खिलौने खरीद रहा था। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम ईदगाह ग्राउंड के अलावा सड़कों पर भी किये गये थे, पुलिस के अलावा पीएसी जवान भारी संख्या में तैनात किये गये थे।

नगर पालिका प्रशासन ने ईदगाह ग्राउंड को संवारने में हालांकि काफी मशक्कत की थी लेकिन उड़ती धूल ने जरूर आंखों में किरकिरी पैदा करने का काम किया। महीने भर तक अल्लाह तआला की इबादत करने और रोजे रखने के बाद शुक्रवार की शाम सज्जादानशीं तकिया कलंदर शाह मियां आरिफ अली शाह ने नगर में मुनादी कराई कि शनिवार की सुबह ईद मनाई जायेगी। सबेरे से ही मुस्लिम बंधु उमंग से लबरेज ईद की तैयारियों में जुट गये थे, नये लकदक कपड़ों में सजे बच्चे, बूढे और जवान ईदगाह की ओर जाते दिखे। नमाज के बाद ईदगाह ग्राउंड में डटे विभिन्न राजनैतिक दलों के लोगों, प्रशासन और पुलिस के अधिकारियों ने नमाजियों को ईद की मुबारकबाद दी। सदर ईदगाह अब्दुल समद खां लम्बरदार के निर्देशन में कमेटी के लोग विभिन्न व्यवस्थाओं में लगे थे। ग्राउंड में नगर पालिका द्वारा पंडाल लगवाया गया था, शासन के निर्देशों पर सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किये गये थे, पीएसी की भी तैनाती ईदगाह ग्राउंड में की गई थी। तकिया कलंदर शाह पर अताउल्ला खां गौरी, तकिया खुर्रमशाह पर हाफिज वाहिद, मस्जिद कुरैशियान में कारी असलम ने नमाज पढवाई, जामा मस्जिद, अथाई बाली मस्जिद सहित विभिन्न मस्जिदों में भी ईद की नमाज पढी गई। इस दौरान एसडीएम लल्लनराम, सीओ संदीप वर्मा, पालिका चेयरपर्सन प्रतिनिधि आनंद अग्रवाल, ईओ नपा बुद्घिप्रसाद, कढोरेलाल यादव, सेनेट्री इंसपेक्टर अभयसिंह, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष चौ. धीरेन्द्र यादव, हरिश्चंद्र तिवारी, प्रतिपालसिंह गुर्जर, सभासद अमित यादव, महावीर यादव, मनीष भदौरिया, विशाल गिरवासिया, अरविंद खटिक, रामकिशोर पुरोहित, बारसंघ अध्यक्ष रवीन्द्रनाथ खरे, लालप्रताप सिंह, महेन्द्र सोनी, सुरेश कुशवाहा, यूनिस राईन, प्रेमनारायण राठौर, हाजी सेठ नसरुल्ला, मोहम्मद अहमद, मल्लूशाह, चौ. रामसेवक, जितेन्द्र राय, संतलाल अग्रवाल, कांग्रेस नगर अध्यक्ष प्रभुदयाल गौतम, अखिल वैद, नवल जाटव, अनिल पटैरया, राममिलन कुशवाहा, तारुफ हुसैन आदि ने नमाजियों को ईद की बधाइयां दीं। कोतवाल विनोदकुमार मिश्रा, एसएसआई दिलीप वर्मा, एसआई रामकुमार सिंह चौहान, सुरेन्द्रकुमार सिंह, वीरेन्द्रसिंह, जितेन्द्रकुमार, कमलनारायण सिंह, योगेश पाठक, इंसपेक्टर प्रभुनाथ आदि मौजूद रहे। उधर, नदीगांव में भी ईद का पर्व अमन चैन की दुआ के साथ मनाया गया, हाफिज नौशाद ने ईदगाह पर नमाज अता करवाई।

 

Leave a comment