उरई। माधौगढ़ थाना क्षेत्र में बंगरा रोड पर गड़ेरना मोड़ के पास सोमवार को हुए एक हादसे में मोटर साइकिल पर सवार दो लोगों की मौत हो गई।
मध्य प्रदेश से बालू लेकर आ रहे ओवर लोड ट्रक ने रास्ते में जा रही मोटर साइकिल में टक्कर मार दी जिससे उस पर बैठे दो युवक उछलकर दूर एक गडढे में जा गिरे। राहगीरों ने दुर्घटना की सूचना 100 नंबर डायल करके दी। जिसके बाद पहुंची पुलिस ने दोनों को उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र माधौगढ़ पहुंचाया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
पहचान के बाद बताया गया कि मृतकों में गुलफाम (26वर्ष) पुत्र नसीम निवासी पुखरायां कानपुर देहात और उसका मौसा इरफान (55वर्ष) पुत्र इकबाल निवासी मोहल्ला चिमनदुबे जालौन शामिल थे। वे एक रिश्तेदारी में मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार कस्बे में मोटर साइकिल से जा रहे थे। ओवर लोड ट्रक ने उनकी मोटर साइकिल में जो टक्कर मारी वह इतनी भयानक थी कि मोटर साइकिल के परखच्चे उड़ गये और दोनों 20 फुट दूर जा गिरे।





Leave a comment