उरई । रामपुरा थाना क्षेत्र के टीहर गाँव में सोमवार को सुबह बालू से ओवरलोडेड ट्रक मकान पर पलट जाने से बड़ा हादसा होते टल गया । हादसे के बाद नाराज ग्रामीणों ने रामपुरा रोड जाम कर दिया । तनाव की सूचना पर मौके पर पहुँचे रामपुरा थानाध्यक्ष लाखन सिंह के काफी समझाने पर जाम खुल सका ।

मध्यप्रदेश से बंगरा हो कर औरैया निकलने वाले ओवर लोडेड ट्रकों की धरपकड़ के लिए रविवार को रात में भी प्रशासन की चेकिंग लगी थी जिसके कारण ट्रक बैक हो कर रामपुरा के रास्ते से वापस मध्यप्रदेश के लिए दौड़ पड़े । इस आपाधापी में सुबह टीहर में रोडवेज़ बस से क्रासिंग के समय एक ओवर लोडेड ट्रक नाली में धँस कर राघवेंद्र सिंह जादौन के मकान पर पलट गया जिसके कारण उनका मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया । गनीमत यह रही कि घर के लोग हादसे के शिकार नहीं हो पाये ।

ग्रामीणों ने इससे नाराज हो कर रोड पर जाम लगा दिया । भीड़ बढ़ने की सूचना मिलने पर रामपुरा थानाध्यक्ष लाखन सिंह मौके पर पहुँच गए । उन्होने सूझबूझ से काम लिया । पहले हमदर्दी दिखाते हुए उन्होने राघवेंद्र सिंह के परिवार के सारे सदस्य तलशवाए कि कहीं कोई मकान के मलबे के नीचे तो नहीं दबा है । सबके सुरक्षित होने के बारे में आश्वस्त होने के बाद उन्होने मकान के नुकसान का मुआवजा दिलाने का भरोसा दिला कर ग्रामीणों को संतुष्ट कर दिया जिससे अंततोगत्वा जाम खुल गया ।

Leave a comment