उरई। भाजपा सरकार पर भी सपा की तरह अवैध खनन व ओवरोलोडिंग से बदनामी का ठप्पा लगने लगा है जबकि अभी हाल ही में व्यापक प्रचार होने से कालपी तहसील के हिमनपुरा व बसरेही में जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक ने छापा मारकर ओवरलोडिंग में आधा सैकड़ा ट्रकों को सीज किया था। इसके बावजूद इस धंधे में शामिल हुए सपा के माफिया ओवरलोडिंग बंद कराने से बाज नहीं आ रहे हैं जिससे गलीकूचों तक में भाजपा की बदनामी झेलनी पड़ रही है।

शातिर खनन माफिया सपा सरकार में मनमर्जी से अवैध खनन व ओवरलोडिंग करके हजारों करोड़ के राजस्व सरकार को चूना लगाते रहे हैं। वहीं खनन माफिया भाजपा में आकर अवैध खनन ओवरलोडिंग से राजस्व को चूना लगा रहे हैं। पंद्रह दिन पूर्व सरकार की जब ज्यादा बदनामी हुई तो जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक की संयुक्त टीम ने कालपी तहसील के हिमनपुरा व बसरेही घाट पर छापा मारकर 68 ट्रकों को ओवरलोडिंग में सीज कर एतिहासिक कार्रवाई की लेकिन चार दिन के बाद ही हिमनपुरा व बसरेही के पट्टे धारकों ने फिर ओवरलोडिंग शुरू कर दी क्योंकि इन खंडों के जो पट्टेधारक हैं उनमें एक समाजवादी पार्टी के पूर्व विधान परिषद के सदस्य भी हैं जो बेखौफ होकर भाजपा सरकार को खुलेआम चुनौती देने में लगे हैं। वहीं दूसरी ओर बसरेही खंड का पट्टेधारक भी सपा के शीर्ष नेताओं से जुड़ा है जिन्होंने पट्टे अपने नाम इसलिए कराए हैं कि भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ ही कार्य करके सरकार को बदनाम करेंगे। हिमनपुरा के पट्टे धारक से जब मोबाइल पर बात हुई तो उसने कहा कि जब हमने बालू ग्यारह रुपए घनमीटर खरीदी है तो ओवरलोडिंग तो करानी ही पड़ेगी। वहीं दूसरी ओर बसरेही के पट्टे धारक ने दस हजार ट्रकों का अवैध भंडारण करके जिला प्रशासन को चुनौती दी है। इस भंडारण की अनुमति जिलाधिकारी से नहीं ली गई है। भंडारण के साथ-साथ मौरंग खनन क्षेत्र में ओवरलोडिंग की सैकड़ों गाडिय़ों का आवाजाही जारी है। मालूम हो कि पिछले दिनों ओवरलोडिंग पर लगाम इसलिए सरकार ने लगाई थी कि जो सडक़ें सरकार द्वारा करोड़ों की लागत से बनाई गई हैं वह सुरक्षित रह सकें लेकिन ज्यों ही खनन पट्टों की नीलामी सरकार द्वारा की गई उसके दूसरे दिन से ही सरकार के नामीगिरामी खनन माफियाओं ने मौरंग के क्षेत्र अपने नाम करकार ओवरलोडिंग शुरू कर दी जो न तो जिला प्रशासन की कार्रवाई से डर रहे हैं और न ही सरकार की सख्ती से। सरकार को खुली चुनौती दे रहे हैं हिमनपुरा व बसरेही के पट्टे धारक।

 

 

अवैध खनन व ओवरलोडिंग पर सदर विधायक भी गंभीर

जनपद में अवैध खनन व ओवरलोडिंग को लेकर भाजपा विधायक ने भी अपना बयान देकर प्रशासन को कठघरे में लाकर खड़ा कर दिया था। सदर विधायक गौरीशंकर ने आरोप लगाया था कि जनपद में अवैध खनन व ओवरलोडिंग चरम पर है और प्रशासन कोई भी कार्रवाई नहीं कर रहा है। विधायक के बयान से प्रशासन में हडक़ंप मचा और एक नहीं बल्कि आधा सैकड़ा से अधिक ट्रकों पर सीज की कार्रवाई तो सैकड़ों की संख्या में चालान की कार्रवाई की गई।

 

 

जिंदगी पर भारी पड़ रहा है ओवरलोडिंग व अवैध खनन

ओवरलोडिंग व अवैध खनन में बदनाम हो चुके हिमनपुरा व बसरेही घाट में आए दिन मौत का तांडव भी जारी है। बीते दिनों ओवरलोड ट्र्रकों के नीचे आकर जहां एक गरीब मजदूर की मौत हो गई थी तो वहीं पोकलैंड मशीन के आपरेटर की करंट से भी मौत हो गई थी। इन दो मौतों पर भी घाट के संचालकों ने पीडि़त परिवार को न ही सांत्वना दी और न ही कोई आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई। वहीं दूसरी तरफ ग्राम प्रधान ने भी बढ़ती ओवरलोडिंग को लेकर बीते दिन जाम लगाकर इन घाटों पर कार्रवाई की मांग की थी।

 

 

 

 

Leave a comment