कोंच। सोमवार को ग्राम पनयारा में दिनदहाड़े पड़ोस के घर में घुस कर एक युवक बक्से का ताला तोड़ कर उसमें रखे छह हजार रुपये उड़ा ले गया। घर में अकेली वृद्घ महिला ने जब रोकने का प्रयास किया तो उसके साथ युवक ने मारपीट कर दी। महिला ने कोतवाली में शिकायत कर दी है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली क्षेत्र के ग्राम पनयारा निवासी अस्सी बर्षीय वृद्घ महिला किसना पत्नी ढरकोले ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर बताया है कि सोमवार को दोपहर लगभग बारह बजे वह अपने घर में बैठी थी तथा आंगन के किवाड़ खुले थे। उसी समय गांव का ही नंदू पुत्र बालीदीन उसके घर के अंदर घुस आया और छोटा सा बक्सा उठा कर उसका ताला तोड़ कर उसमें रखे लगभग छह हजार रुपये उठा कर भागने लगा तो वह चिल्लाई।नंदू ने उसे जोर का धक्का दिया और घर से भागने की कोशिश की तभी उसका पौत्र गुलाबसिंह आ गया और वह भी नंदू को रोकने का प्रयास करने लगा लेकिन नंदू ने गुलाबसिंह को मारपीट कर रुपया लेकर भाग गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







Leave a comment