कोंच। विगत 18 जून को कोंच मंडी स्थित सरकारी गेहूं क्रय केन्द्र नैफेड में चोरी छिपे तौले जा रहे गेहूं की जो बड़ी खेप एसडीएम लल्लनराम द्वारा पकड़ी गई थी उस गेहूं की सुपुर्दगी मंडी की एक फर्म राधा रानी ट्रेडर्स को मंडी सचिव डॉ. दिलीप वर्मा ने दे दी है। इस पूरे मामले में सबसे दिलचस्प पहलू यह है कि एफआईआर कराने के डीएम के आदेश अभी परीक्षण के दौर में हैं। एसडीएम की अगर मानें तो उन्होंने पांच दिन पहले ही कोतवाली को एफआईआर के लिये तहरीर दे दी थी।
गौरतलब है कि विगत 15 जून से गेहूं की सरकारी खरीद बंद करने के सरकार के आदेश के बाद यहां मंडी परिसर स्थितनैफेड गेहूं क्रय केन्द्र पर चोरी छिपे गेहूं तौले जाने की शिकायत डीएम को मिली थी। उनके निर्देश पर 18 जून को एसडीएम लल्लनराम ने कोतवाली पुलिस के साथ मंडी स्थित नैफेड क्रय केन्द्र पर छापा मारा और वहां चोरी छिपे तौला जा रहा गेहूं पकड़ लिया था। गोदाम के गेट बंद कर अंदर तौला जा रहा तकरीबन चालीस कुंतल गेहूं ढेर की शक्ल में पड़ा था जबकि 105 बोरियां तौल कर भरी जा चुकी थीं। फोन करके केन्द्र प्रभारी को बुलाया गया लेकिन काफी देर बाद भी जब केन्द्र प्रभारी मौके पर नहीं आया तो एसडीएम ने वहां पुलिस का पहरा बिठा दिया। केन्द्र पर मिला अभिलेखों का थैला भी एसडीएम अपने साथ ले गये थे। इस पूरे मामले को एसडीएम ने बड़ी गड़बड़ी मानते हुये डीएम को रिपोर्ट भी कर दिया था। 18 जून को पकड़ा गये इस मामले के लगभग पांच दिन बाद 23 जून को डीएम डॉ. मन्नान अख्तर ने एसडभ्एम कोंच को आदेशित किया था कि केन्द्र प्रभारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाये। इसी के साथ आदेश की एक प्रति मंडी सचिव डॉ. दिलीप वर्मा को भी दी गई थी ताकि वह पकड़े गये माल की सुपुर्दगी करायें। मंडी सचिव ने आदेश के तहत 29 जून को 129.68 कुंतल गेहूं की सुपुर्दगी मंडी में कार्यरत एक फर्म मे. राधा रानी ट्रेडर्स को करा दी थी। इधर, सूत्रों की अगर मानें तो एफआईआर का डीएम का आदेश अभी भी परीक्षण के दौर में है। इस संबंध में एसडीएम लल्लनराम से जब पूछा गया तो उन्होंने बताया कि वह पांच दिन पहले ही पूरी रिपोर्ट तहरीर के साथ कोतवाली पुलिस को दे चुके हैं। हालांकि अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है। इस बाबत प्रभारी निरीक्षक का पक्ष जानने का प्रयास किया गया तो उनके कोंच से बाहर होने के कारण संपर्क नहीं हो सका।

Leave a comment