उरई। पश्चिम बंगाल की पुलिस मंगलवार को अपने यहां की अदालत के एक वारंटी को पकड़ ले गई। आरोपी पश्चिम बंगाल में सन 2014 में नकली करेंसी मामले में पकड़ा गया था। यह मुकदमा अभी वहां की अदालत में चल रहा है। लेकिन आरोपी तारीख पर नही पहुंचता था। वहां की अदालत ने वारंट जारी किया। फिर भी वह हाजिर नही हुआ। इस बीच कई बार पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के सूती थाना का पुलिस दस्ता उसे हिरासत में लेने के लिए आया। लेकिन वह पुलिस के हत्थे नही चढ़ पाया।
इसी सिलसिले में मुर्शिदाबाद के पुलिस सब इंस्पेक्टर पीयूष मिस्ती हमराह फोर्स के साथ फिर उसे शिकंजे में जकड़ने के लिए पहुंचे थे। सुरागरशी करके उन्होनें आज जिला अस्पताल के सामने वांछित को घेर लिया और भागने का मौका दिये बिना उसे दबोचकर हिरासत में ले लिया। आरोपी का नाम बृजेंद्र दोहरे पुत्र रामकृष्ण दोहरे बताया गया है जो कि कुठौंद थाने के हदरुख गांव का निवासी है। पश्चिम बंगाल पुलिस उसे लेकर स्थानीय अदालत से ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद मुर्शिदाबाद रवाना होे गई।







Leave a comment