उरई। मंगलवार को जन समस्याओं की सुनवाई और निस्तारण के लिए निकले जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने मरोड़ा में रुककर ब्लाक संसाधन केंद्र परिसर में स्थित प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक स्टाफ और बच्चों की स्कूल चलो रैली को पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि स्कूल जाने की उम्र का एक भी बच्चा वर्तमान सत्र में स्कूल से बाहर नही रहने दिया जाना चाहिए। शिक्षकों को इसके लिए अभिभावकों को जागरूक करने के लिए कड़ी मशक्कत का बीड़ा उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ हमारी डयूटी नही है। बल्कि एक आवश्यक सामाजिक दायित्व बोध भी है। पुलिस अधीक्षक ने भी इस अवसर पर कहा कि गुदड़ियों में कई लाल छिपे रहते हैं जिन्हें पढ़ने का अवसर मिले तो वे समाज को बहुत कुछ दे सकते हैं। लेकिन जागरुकता की कमी की वजह से उनकी जिंदगी मजदूर भर बनकर रह जाने के लिए भी अभिशप्त हो सकती है। किसी की नियति से ऐसे खिलवाड़ से बड़ा दर्दनाक काम कोई नही हो सकता। इसलिए मानवीयता के नाते शिक्षक-शिक्षकाएं प्रत्येक नौनिहाल को स्कूल लाने के लिए अपनी जी-जान लगा दें। इस अवसर पर बेसिक शिक्षाधिकारी राजेश शाही भी उपस्थित रहे।
बाद में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने यहां के प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पुस्तकें व स्कूली वैग भी वितरित किये और उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।







Leave a comment