उरई। मोहल्ला शांति नगर में नेत्रहीन बच्चों के लिए संचालित श्री शिव अखंड ज्योति स्पर्श प्राथमिक विद्यालय का विवाद सुलझ गया है। विद्यालय की प्रबंध समिति ने अपर जिलाधिकारी के समक्ष जल्द ही नये शिक्षकों की भर्ती करके नवीन भवन में अगस्त माह से फिर विद्यालय शुरू करने का भरोसा दिलाया है।
मामला नेत्रहीन बच्चों के भविष्य का होने से अपर जिलाधिकारी पीके सिंह ने इसमें शिद्दत के साथ विवाद सुलझाने का प्रयास किया। उन्होंने इसमें काफी सहृदयता और संवेदनशीलता दिखाई। नतीजतन विद्यालय के नेत्रहीन शिक्षकों और प्रबंध समिति के बीच विवाद निपट गया। प्रबंध समिति ने दोनों शिक्षकों को 40-40 हजार रुपये की चैक और 10-10 हजार रुपये नगद दिये। हालांकि समिति ने इन दोनों शिक्षकों की सेवाओं पर असंतोष प्रकट करते हुए इन्हें भविष्य में विद्यालय में रखने में असमर्थता प्रकट की। दोनों शिक्षकों ने भी प्रबंध समिति के रुख को देखते हुए विद्यालय से स्वयं को पृथक कर लेने की सहमति जताई।
इस अवसर पर नेत्रहीन शिक्षकों की समस्याओं को लगातार उठाने वाले डा. कुमारेंद्र सिंह सेंगर, रोहित त्रिपाठी, रोहित विनायक तथा अंध विद्यालय की प्रबंध समिति की तरफ से प्रबंधिका पति गंगादीन प्रजापति, समिति कोषाध्यक्ष नरेंद्र कुमार, हिमांशु उपस्थित रहे। अंध विद्यालय छोड़ने वाले दोनों नेत्रहीन शिक्षकों और विद्यार्थियों के आवास की व्यवस्था इस प्रकरण से जुड़े समाजसेवियों द्वारा जल्द करने का आश्वासन दिया गया।
इसी बीच रामश्री पब्लिक स्कूल के संचालक अचल निगोतिया ने नेत्रहीन बच्चों के विद्यालय के संचालन के लिए आवासीय व्यवस्था के साथ अपना भवन उपलब्ध कराने की पेशकश की है। उन्होंने कहा है कि अगर प्रशासन व इससे जुड़े समाजसेवी सहमत हो तो वे इसके लिए तैयार हैं।





Leave a comment