उरई। जामुन तोड़ने गये बालक की पेड़ से नीचे गिर जाने के कारण गंभीर रूप से घायल होकर मौत हो गई। बालक की छोटी बहन को 10 दिन पहले भैस ने कुचल दिया था जिससे उसकी भी मौत हो गई थी। कुछ ही दिनों में घर में दो बच्चों की मौत से पूरे परिवार में हाहाकार मच गया है।
गुरुवार को दोपहर में थाना कदौरा के जकसिया गांव निवासी बचनपाल का पुत्र राजपाल (16वर्ष) अपने गांव के बाहर साथियों के साथ जामुन तोड़ने गया था। जब वह जामुन तोड़ने पेड़ पर चढ़ा था उसी समय डाल टूट जाने से वह नीचे डामर वाले रोड पर जा गिरा। जिससे गंभीर रूप से घायल हो गया। खबर मिलने पर घर के लोग आनन-फानन उसे पास में हमीरपुर के जिला अस्पताल में ले गये जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
मृत बालक का बदहवास पिता बचनपाल दिल्ली में रहकर मजदूरी करता है। उसके एक पुत्र व तीन पुत्रियां थीं। जिसमें राजपाल सबसे बड़ा था। 10 दिन पहले बचनपाल की छोटी पुत्री पूजा (7वर्ष) को गांव में भैंस ने कुचल दिया था जिससे उसकी मौत हो गई थी। खबर पाकर रोता-बिलखता बचनपाल भी दिल्ली से गांव आ गया था। दो दिन पहले ही अपनी गाड़ी को फिर से पटरी पर लाने के लिए वह आंसू पोछता हुआ वापस दिल्ली चला गया था। तभी आज फिर यह हादसा हो गया। इसके कारण उसके घर में उसकी पत्नी देवकी और दोनों पुत्रियों विनीता और रोशनी का रो-रो कर बुरा हाल है।

Leave a comment