कोंच। तकरीबन हर रोज खाकी को शर्मसार करने बाले मामले सामने आने से जहां पुलिस का जनता का रक्षक होने का मिथक दरका है तो वहीं दूसरी तरफ योगी सरकार की कानून व्यवस्था के दावे भी तार तार हुए हैं। ऐसी ही एक और बेहद शर्मनाक घटना खाकी द्वारा अंजाम दी गई है जिससे पुलिस की कार्यशैली फिर सवालों के घेरे में है। कस्बे के आराजीलेन इलाके में एक गरीब के घर में घुस कर खाकी ने महिला के गाल थप्पड़ों से लाल कर उसे घर के बाहर निकाल फेंका और घर में घुस पर पांच लोगों जिनमें दो खाकी वर्दीधारी थे, ने उसके चालीस हजार रुपये तथा मोबाइल लूट लिये। पीडि़त ने संपूर्ण समाधान दिवस में इसकी लिखित शिकायत की है जिसकी जांच सीओ संदीप वर्मा कर रहे हैं।
कस्बे के मोहल्ला आराजीलेन में रहने बाले दंपत्ति पार्वती और उसका पति रामहरि मूल रूप से कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम देवगांव के निवासी हैं लेकिन शादी व्याह में खाना आदि बनाने का काम करने के कारण अस्थाई रूप से कस्बे में किराये के घर में रहते हैं। पार्वती ने दो दिन पहले आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में इस आशय की एक शिकायत की थी कि विगत 29 जून को शाम लगभग पांच बजे जब उसका पति काम के सिलसिले में घर के बाहर गया हुआ था और वह घर में बिल्कुल अकेली थी तभी पांच लोग धड़धड़ाते हुये उसके घर में घुस आये। इनमें से दो व्यक्ति पुलिस की वर्दी में असलहों से लैस थे। जब उसने उन्हें घर में घुसने से रोकने का प्रयास किया और पूछा कि वे कौन हैं और इस तरह कैसे किसी के घर में घुसते चले जा रहे हैं, उनमें से एक ने महिला के गालों पर थप्पड़ जड़ कर उसे घर के बाहर निकाल दिया और अंदर उसके गृहस्थी के सामान को तहस नहस कर एक डिब्बे में रखे चालीस हजार रुपये तथा मोबाइल लेकर चले गये। जब पति घर आया तो उसने तीन जुलाई को संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत की। बहरहाल, इस घटना का खुलासा यदि ईमानदारी के साथ किया जाये तो वे चेहरे सामने आने में देर नहीं लगेगी क्योंकि वे महिला का मोबाइल भी लूट ले गये हैं और सर्विलांस टीम के लिये यह पता लगाना बहुत ही आसान होगा कि मोबाइल कहां काम कर रहा है। मामले की जांच सीओ कोंच संदीप वर्मा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि मामला फिलहाल जांच में है, कोतवाली पुलिस और आबकारी विभाग के लोगों को बुलवाया गया है ताकि महिला उन खाकी वर्दीधारियों की पहचान कर सके। इसके बाद जो भी दोषी पाया जायेगा उसके खिलाफ कार्यवाही की जायेगी।

पुलिस बालों ने मेरे गालों पर तड़ातड़ थप्पड़ मारे-पार्वती
 घटना की शिकार पार्वती पत्नी रामहरि ने बताया है कि उसके पति ने गांव में अपनी कुछ जमीन बेची थी जिसका पैसा चालीस हजार रुपया घर में एक गत्ते के डिब्बे में रखा था। घटना के दिन उन पुलिस बालों ने उसके गालों पर इतने थप्पड़ मारे कि आज भी उनका दर्द उसे महसूस हो रहा है। इसके बाद उन्होंने उसे घर के बाहर धकिया दिया और अंदर सारा सामान तितर बितर कर रुपये और मोबाइल लूट ले गये। उसने कहा है कि यदि वे पुलिस बाले उसके सामने लाये जायेंगे तो वह उन्हें पहचान सकती है

Leave a comment