कोंच। बिजली कर्मियों की जायज मांग पर भी विभाग और ठेकेदार द्वारा कान नहीं दिये जाने के कारण गुरुवार से उन्होंने टूल डाउन हड़ताल शुरू कर दी है। उरई रोड स्थित 3311 केवीए विद्युत उपकेन्द्र पर धरने पर बैठे इन विद्युत कर्मियों का कहना है कि वेतन भुगतान नहीं होने के कारण उनके घरों में फाकाकशी की नौबत है और इस संबंध में उन्होंने पहले ही विभागीय अधिकारियों को अवगत करा दिया था लेकिन उनकी आवाज नक्करखाने में तूती की आवाज बन कर गुम हो गई जिसके कारण मजबूरन उन्हें काम बंद कर हड़ताल का रास्ता अख्तियार करना पड़ा है।
बताते चलें कि संविदा पर काम करने बाले बिजली कर्मचारियों को माह मार्च का भुगतान विभाग द्वारा तो पूर्व ठेकेदार मां कैलाशीदेवी इंटर प्राइजेज को कर दिया गया है लेकिन ठेकेदार ने कर्मचारियों का भुगतान अब तक नहीं किया है। इसके अलावा नई एजेंसी द्वारा माह अप्रैल का वेतन 6400 रुपये ही डाला है जबकि एग्रीमेंट ज्यादा का हुआ था। वेतन के लिये इन कर्मचारियों ने विभाग को मोहलत दी थी ताकि विभागीय अधिकारी ठेकेदार से बात कर वेतन भुगतान करा सकें लेकिन दी गई अवधि समाप्त हो जाने के बाद पूर्व घोषित तिथि 5 जुलाई गुरुवार से यह कर्मचारी हड़ताल पर चले गये हैं। एसडीओ पुरुषोत्तम सिंह ने भी मौके पर जाकर इनसे बात की और उच्चाधिकारियों को उनकी समस्या से अवगत कराते हुये कर्मचारियों को भरोसा दिया कि जल्दी ही समस्या का निराकरण करा दिया जायेगा, लेकिन कर्मचारी अपनी पर अड़े रहे। इस दौरान जितेन्द्रसिंह, भगवानदास, धीरजकुमार, सूरजसिंह, अखिलेश, राजकुमार, बलवीर, उमेश, प्रदीप झा, संदीप झा, धनपालसिंह, विक्रमसिंह, राजेन्द्रसिंह, सुनील, सनी, नीरज, जगदीश, सुरेन्द्र, कमलेश, छोटेलाल, रामकेश, जीतू आदि मौजूद रहे।

Leave a comment