उरई। खादी ग्रामोद्योग कार्यालय से लोन दिलाने के नाम पर दर्जनों लोगों से ठगी हो गई। शुक्रवार को इसे लेकर ग्रामीण एक महिला को पकड़े पुलिस कार्यालय पहुंचे। पुलिस अधीक्षक की उपस्थिति में इस पर काफी हंगामा होता रहा। बाद में पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली पुलिस को बुलाकर महिला का हवाले कर दिया।
ग्रामीणों का आरोप था कि जसवंत नगर इटावा की रहने वाली खुशी उर्फ अंकिता चुर्खी रोड के कई गांवों के लोगों से खादी ग्रामोद्योग की योजनाओं में लोन दिलाने का झांसा देकर लाखो रुपये की दलाली ठग ले गई। एक आदमी से पैसे लेने के बाद वह अपना ठिकाना बदल देती है। इसलिए उस पर शिकंजा कसना तगादे में लगे ग्रामीणों को मुश्किल हो रहा था। आज ग्रामीणों को जब खबर मिली कि वह जेल रोड पर रह रही है तो दर्जनों लोग वहां पहुंच गये। खुशी तो भाग निकली लेकिन उसकी मां मीरा देवी भीड़ के हत्थे चढ़ गई। भीड़ ने मीरा देवी को विवाद करते देख 100 नंबर पर फोन करके मौके पर पुलिस बुला ली इसके बाद महिला को लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गये।
पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह के सामने काफी देर बबाल होता रहा। महिला की ओर से भी कई पैरोकार आ गये। लेकिन ग्रामीणों ने उनकी एक न सुनी। महिला ने भी कुछ दिनों की मोहलत पैसे लौटाने के लिए मांगी फिर भी लोग नही पसीजे। इसी बीच पुलिस अधीक्षक ने कोतवाली पुलिस को बुलाकर अग्रिम कार्रवाई के लिए महिला को सौंप दिया।

Leave a comment