रामपुरा-उरई। विकास खंड क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम टीहर के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में छात्र-छात्राओं को बैग, ड्रेस, पुस्तक वितरण के लिए अनूठा समारोह आयोजित किया गया। जिसमें क्षेत्र के कई गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। अध्यक्षता टीहर के प्रधान राजीव कुमार सक्सेना ने की।
इस अवसर पर रामपुरा नगर पंचायत अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उनसे अपील की वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में सहयोग करते हुए खुले में शौंच जाने की परिपाटी अपने घरों में बंद करायें और शौचालय के प्रयोग के लिए स्वयं के साथ-साथ अपने अभिभावकों को भी प्रेरित करें। शैलेंद्र सिंह ने कहा कि घर की सफाई के बाद नालियों में कूड़ा करकट न डालकर उसे निर्दिष्ट किये गये स्थान पर फेकें। पालीथिन का प्रयोग न करें।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए भाजपा के वरिष्ठ नेता और रामपुरा मंडल के संयोजक विजय द्विवेदी ने बच्चों को अपने बाल्यकाल के संस्मरण सुनाकर लुभाया और छात्र-छात्राओं को संस्कारयुक्त शिक्षा देने पर बल दिया। भाजपा के मंडल महामंत्री शिवकुमार सिंह गौर ने कहा कि सरकार बच्चों को शिक्षित करने के लिए अनुभवी और योग्य अध्यापकों के द्वारा शिक्षण करा रही है। छात्र-छात्राओं में ड्रेस तथा रहन-सहन के आधार पर भेदभाव न झलके इसलिए एक जैसे वस्त्र, किताबें व बैग का वितरण किया जाता है। यह सब प्राइवेट विद्यालय के रूप में खुली दुकानों से बेहतर है। शिक्षक संघ रामपुरा के ब्लाक अध्यक्ष राममोहन बाजपेयी ने मध्यान्ह भोजन तथा अन्य योजनाओं में अध्यापकों से बेगारी कराने पर प्रश्न चिन्ह लगाया और शिक्षकों को केवल शिक्षा के कार्य के लिए स्वतंत्र रखने पर बल दिया।
इस अवसर पर पूर्व माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेंद्र कुमार मिश्रा, सहायक अध्याक प्रदीप कुमार, धर्मेंद्र कुमार, सुनील शुक्ला, गणेश द्विवेदी ने अतिथियों का माल्यापर्ण कर स्वागत किया।






Leave a comment