उरई। दस्यु सुंदरी से सांसद बनने तक का सफर तय करने वाली फूलन देवी की राजनीतिक विरासत को आगे बढ़ाने के लिए उनके परिवार से अब उनकी बहन ने सामने आने की इच्छा जताई है। उनके मुख्य आतिथ्य में यमुना पटटी के गांवों के विकास के लिए होने जा रही एक सर्व समाज गोष्ठी से यही मालूमात होती है।
यह गोष्ठी महेबा विकास खंड के मगरौल न्याय पंचायत के ग्रामों की देवकली, हीरापुर, मैनूपुर तिराहे पर स्थित डाढ़ेश्वर मंदिर पर 15 जुलाई को सुबह 8 बजे से होगी। फूलन देवी ने जालौन जिले से दूर मिर्जापुर जिले को अपनी राजनीति का मुकाम बनाया था। लेकिन मुन्नी देवी अपना आगाज उनके पैतृक गांव के आसपास से करना चाहती हैं जो कि मंगरौल न्याय पंचायत में ही आता है।
गोष्ठी के आयोजकों ने बताया कि मंगरौल न्याय पंचायत के गांव यमुना की बीहड़ पटटी के कारण दुर्गम रहे हैं। जहां पर विकास की किरणें अभी तक नही पहुंच पाईं हैं। न तो इस क्षेत्र में अच्छे विद्यालय, न ही अस्पताल जीवन यापन के लिए भी रोजगार के साधनों का पूरी तरह अभाव है। यहां के विकास की इस विषमता को कालपी क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने कभी हमदर्दी से नही देखा। इसलिए उनके द्वारा इसके निवारण के लिए कोई ठोस प्रयास नही किये गये।
इसी टीस के तहत मगरौल न्याय पंचायत के लोगों ने अब खुद अपने जनमत की ताकत का इजहार कर विकास की जददोजहद के लिए अंगड़ाई ली है। 15 जुलाई को एक दिवसीय सर्व समाज विकास गोष्ठी की रूपरेखा तय किया जाना इसी का नतीजा है। मुन्नी देवी बहुत ही सधे ढंग से आगे बढ़ रहीं हैं। फूलनदेवी का नाम ठाकुर बनाम निषाद के द्वंद का केंद्र बन जाता है। यह एक बड़ी रुकावट है जिसे दूर करने के लिए मुन्नी देवी ने सर्व समाज के नाम पर सभा बुलाने का फैसला किया है। अब लोगों की निगाह इस पर है कि इसमें कितने लोग जुटते हैं और यह पहल कितनी दूर तक पहुंचेगी।






Leave a comment