
उरई । अपनी पत्नी को धोखा दे कर ले आने के बाद हत्या की नीयत से उसे यमुना पुल के ऊपर से फेंकने की कोशिश में फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है ।
बताते चलें कि शनिवार को हैरान करने वाला यह वाकया उस समय सामने आया जब रात लगभग 8 बजे कुठौंद थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति मोटर साइकिल यमुना पुल के बीच खड़ी कर अपने साथ आई महिला को घसीटते हुए नदी में फेंकने की कोशिश कर रहा था , उसी समय एक लोडर गुजरा जिसमें बैठे लोग यह खींचतान देख कर रुक गए और उन्होने महिला को उस व्यक्ति से बचाया हालांकि इस बीच आरोपी भाग निकला ।
लोडर में अपिल दुबे निवासी निजामपुर थाना कुठौंद और वासू मिश्रा व संदीप तिवारी निवासी गण कुठौंद सवार थे जिनको पीड़ित महिला मोवीना पुत्री सिराजुद्दीन निवासी कटैया थाना इंदरगढ़ जनपद कन्नौज ने बताया कि आरोपी उसका पति शफ़ीक था जो खोजाफूल थाना सिकंदरा जनपद कानपुर देहात का रहने वाला है । वह उसे खानपुर औरैया का जलसा दिखाने के बहाने ले आया था लेकिन उसके इरादे कुछ और ही थे ।
अपिल आदि ने इसके बाद उसके मायके वालों को सूचना दे कर बुलवाया जिन्होने कुठौंद थाने में घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई । बाद में शंकरपुर पुलिस चौकी के प्रभारी कमाल प्रताप सिंह ने आज फरार शफ़ीक को उसकी मोटर साइकिल यूपी 75 A T 0361 समेत गिरफ्तार कर लिया । यह जानकारी पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह ने प्रेस वार्ता में दी ।






Leave a comment