उरई। कुठौंद थाने के बाबली गांव में एक फौजी के घर में घुसकर अज्ञात बदमाशों ने उसकी पत्नी के जेवर लूट लिए और उसे चाकुओं से गोद डाला।
मंगलवार की रात बाबली गांव में फौज में तैनात गौरव प्रजापति के घर में दो अज्ञात बदमाश पीछे की नीची दीवार से चढ़कर घर के भीतर पहुंच गये। फौजी के पिता राधेश्याम प्रजापति उसकी मां और बहन बाहर सो रहे थे। जबकि भीतर कमरे में फौजी की पत्नी अनुराधा अपनी तीन वर्षीय बच्ची के साथ सो रही थी।
बदमाशों की खटपट से उसकी नींद खुल गई तो बदमाशों ने उसे दबोच लिया और उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर दोनों हाथ चाकुओं से गोद डाले। इस जददोजहद के कारण बदमाशों ने बाद में घर में खास लूटपाट नही की। केवल वे अनुराधा के कान के बाले झटककर भाग निकले।
बाद में अनुराधा के चिल्लाने पर उसके सास-ससुर भीतर आये। अन्य मोहल्ले के लोग भी मौके पर आ गये। पहले 100 नंबर पर सूचना दी गई। जिसके बाद हलका इंचार्ज रामविनोद डायल-100 की गाड़ी के साथ वहां पहुंच गये। अनुराधा को उपचार के लिए आनन-फानन कुठौंद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया।
बुधवार को सुबह जालौन के पुलिस उपाधीक्षक संजय शर्मा ने भी कुठौंद थानाध्यक्ष सुनील तिवारी के साथ मौका मुआयना करने पहुंचे। गांव वालों का कहना है कि गांव में जुआ और नशाखोरी चरम सीमा पर है। इन अडडों पर एकत्रित होने वाले अराजक तत्वों ने ही वारदात को अंजाम दिया है। थानाध्यक्ष सुनील तिवारी ने कहा कि गहन छानबीन की जा रही है। जल्द ही वारदात में शामिल बदमाश पकड़ लिए जायेगें।






Leave a comment