उरई। कुठौंद थाना क्षेत्र में बावली में एक फौजी के घर घुसकर उसकी पत्नी को चाकू मारने के बाद बदमाशों द्वारा लूट लिए जाने की घटना का खुलासा अभी हो नही पाया था कि ग्राम भदेख में चोरों ने दो घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये का माल पार कर दिया।
बदमाश उक्त गांव में पहले शशिकांत चतुर्वेदी पुत्र मुन्नी लाल के घर छत के रास्ते से घुस गये। शशिंकात और उनकी पत्नी राधा छत पर सो रहे थे। जबकि उनकी मां रामखिलौनी आंगन में सोईं थीं। घरवालों का कहना है कि बदमाशों ने उन्हें कुछ सुंघा दिया जिससे सब कुछ आंखों से देखने के बावजूद न तो उनके मुंह से बोल फूट पाये और न वे प्रतिरोध के लिए कुछ हरकत कर पाये। इस दौरान बदमाशों ने शशिकांत के कमरे में रखी सेफ को तोड़कर सोने का एक हार, एक जंजीर, चार अंगूठी, चांदी के दो कड़ा, 18 सिक्के, कान के सोने के कुंडल निकाल लिए। इसके बाद दूसरे कमरे में जाकर 8 हजार रुपये नगद और एक बक्सा उठा ले गये। इस बक्से में भी सोने-चांदी का सामान रखा था।
इसके बाद चोरों ने मूलचंद्र तिवारी पुत्र शंकर दयाल तिवारी के घर को निशाना बनाया। लेकिन परिवार वालों के जाग जाने और शोर मचा देने से उन्हें भागना पड़ा। इसके बाद वे नाथूराम केवट पुत्र कालीचरण के घर में छत के रास्ते से घुस गये। घर के सभी लोग छत पर सो रहे थे। जबकि स्वयं नाथूराम घर के बाहर लेटे थे।
चोर जीने से होकर नीचे उतरे और जीने का गेट बंद कर दिया। इसके बाद काफी देर अंदर रहकर उन्होंने तसल्ली से सामान खंगाला। नाथूराम ने बताया कि उनका लड़का आर्मी में नौकरी करता है। उनकी बहन और लड़की के जेवरात भी उन्हीं के घर रखे थे। चोर उनके घर से पांच सौ ग्राम का चांदी का कड़ा, चार सौ ग्राम का बिछुआ, तीन सौ ग्राम पायल, तीन सौ ग्राम छल्ला, ओम चांदी के, तीन खड़वा व अन्य जेवरात जिनकी कीमत लगभग 12-13 लाख रुपये आंकी जा रही है लेकर चंपत हो गये। सुबह चोरी का पता चलने के बाद से पूरा घर सदमें में है। पुलिस को सूचना दे दी गई। पुलिस ने मौके पर पड़ताल की लेकिन अभी कोई सुराग नही लग सका है।

Leave a comment