उरई। मामूली से विवाद में भड़के दबंगों ने गर्भवती महिला के पेट में लात मारकर क्रूरता की पराकाष्ठा कर डाली। इस सिलसिले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
रामपुरा थाना अंतर्गत ग्राम मानपुरा में प्रमोद कुमार के घर के सामने सार्वजनिक हैंडपंप है। उसके खुरापाती पड़ोसियों ने हैंडपंप के बिल्कुल नजदीक शौचालय का गडढा कर दिया। उसने आपत्ति की तो गाली-गलौज कर उसका मुंह बंद करा दिया।
उक्त लोग अपने घर से शौचालय की बाल्टी लाकर हैंडपंप से पानी भरते हैं। जिसका भी विरोध प्रमोद द्वारा किया जा रहा था। गुरुवार की सुबह प्रमोद जब हैंडपंप से पीने के लिए पानी भर रहा था उसी समय महेंद्र उर्फ कल्लू व अखिलेश ने शौचालय की बाल्टी उसके बर्तनों के बीच में रख दी तो प्रमोद ने विराध जताया। इसके बाद दोनों ने मिलकर प्रमोद को गिरा लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। वह अपने घर भागा तो दोनों पीछा करते हुए उसके घर भी पहुंच गये। प्रमोद को बचाने जब उसकी गर्भवती पत्नी सरोज आई तो उन लोगों ने जानते हुए भी सरोज के पेट में लात मार दी जिससे वह चीत्कार करती हुई अचेत होकर गिर पड़ी। मामला संगीन देखकर दोनों भाग निकले। पुलिस ने शिकायत मिलने पर कार्रवाई कर कल्लू और अखिलेश को दबोच लिया।






Leave a comment