उरई। गृह कलह के दौरान पत्नी ने पुलिस को बुला लिया। जिससे क्षुब्ध होकर पति ने मिटटी का तेल पीकर आत्मदाह करने की कोशिश कर डाली। इसके बाद हड़कंप मच गया। उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहाव में शुक्रवार को दोपहर में जितेंद्र दोहरे अपने पिता लालाराम और पत्नी अनीता से किसी बात को लेकर झगड़ पड़ा। कलह बढ़ने पर अनीता ने 100 नंबर पर फोन कर दिया जिससे पुलिस उसके घर पहुंच गई। पुलिस को देखकर विचलित जितेंद्र ने अपने को कमरे में बंद कर लिया और मिटटी का तेल पीकर आसपास रखे कपड़ों में आग लगा दी। कमरे से धुंआ उठते देख खलबली मच गई। लोगों ने दरवाजा तोड़कर उसे बाहर निकाला। उसे फौरन जालौन के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने बताया कि वह जल नही पाया है लेकिन मिटटी का तेल पी जाने से उसकी हालत बिगड़ गई है। उपचार किया जा रहा है।

Leave a comment