जालौन-उरई। कोंच मार्ग पर देवरी के पास निर्माणाधीन पुलिया के कारण बनाया गया डायवर्जन बारिश में धसक गया। जिससे दो दिन से जालौन-कोंच के बीच आवागमन ठप्प है। एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों का तहसील मुख्यालयों पर आना-जाना बंद हो गया है।
तीन दिन से हो रही बारिश से नहरें, तालाब, मलंगा नाला आदि लबालब भरकर चल रहे हैं। तो वहीं जालौन से कोंच जाने वाले मार्ग पर देवरी गांव के पास लोक निर्माण विभाग द्वारा बनवायी जा रही पुलिया के कारण आवगमन जारी रखने हेतु जो डायवर्जन बनाया गया था उसमें लाखों रुपये की बंदरबांट होने से खानपूर्ति भर हुई थी। नतीजतन बारिश में वह कमजोर डायवर्जन नीचे धसक गया। इतना ही नही उस डायवर्जन पर निकासी के लिए भी उचित व्यवस्था नही की गई। नतीजतन पिछले दो दिनों से यहां यातायात पूर्ण रूप से ठप्प पड़ा है।
इस सड़क पर तहसील क्षेत्र के लहचूरा, सिकरीराजा, अम्मरगढ़, कोरीपुरा, रनवां, क्यामदी, खनुआं, गिधौसा आदि गांव पड़ते हैं। जहां के लोगों के जरूरी काम तहसील तक न पहुंच पाने से रुक गये हैं। जब इस संदर्भ में ठेकेदार रोहित भदौरिया से बात की गई तो उन्होंने बताया कि 12 घंटे में डायवर्जन सही कराकर यातायात शुरू करा दिया जायेगा।

Leave a comment