उरई। पुरानी रंजिश के चलते सरेशाम एक युवक के अपहरण की कोशिश के बाद बीच उसे प्राणघातक हमला करने के बाद मृत समझकर फेंक दिया गया था। इसके बाद उसका झांसी में इलाज होता रहा। घटना के 6 दिन बाद शनिवार को इसका मुकदमा लिखाने की तहरीर जालौन कोतवाली में दी गई है।
मोहल्ला नारोभास्कर निवासी ताजुददीन ने पुलिस को दिये गये प्रार्थनापत्र में बताया कि 22 जुलाई को उसके भतीजे साकिब को शाम को कुछ लोगों ने दबोच लिया और गाड़ी में डालकर अगवा करके ले जाने लगे। लेकिन वह उनसे भिड़ पड़ा। इस पर उन लोगों ने लोहे की छड़ से उस पर हमला बोल दिया। जब वह मरणासन्न हो गया तो उसे मृत समझकर वे लोग कन्हैयालाल महाविद्यालय के पास फेंककर चले गये।
खबर मिलने पर परिवार के लोगों ने उसे उठाकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। जहां से हालत चिंताजनक होने के कारण उसे रेफर कर दिया गया। पांच दिन तक वह झांसी में इंटेनसिव केयर यूनिट में रहा। अब उसकी हालत में जब सुधार हुआ है तब वह शिकायत करने आया है। पुलिस ने उसकी तहरीर लेकर जांच शुरू कर दी है।

Leave a comment