उरई। उद्योग बंधु की बैठकें अब घिसीपिटी कवायद नही रह जायेगीं। इन बैठकों को औद्योगिकीकरण के माहौल की सार्थकता के मुताबिक ढाला जायेगा।
उद्योग बंधुओं की बैठक उद्यमियों की समस्याओं के निराकरण और औद्योगिकीकरण के अभिनव सुझावों को सामने लाने के लिए हर महीने आयोजित होती है। लेकिन वर्षों से इनमें उद्यमियों की जगह नेतागीरी करने वाले चेहरे छाये रहते हैं और इनका उददेश्य अधिकारियों के साथ उनके चाय-नाश्ते तक सीमित रह गया है।
लेकिन अब जबकि सरकार उत्तर प्रदेश को भी उद्योगों की दृष्टि से तेजी से आगे बढ़ते राज्य के रूप में चुनाव के दौरान प्रस्तुत करने की रूपरेखा बना चुकी है तो उसने उद्योग बंधु की बैठकों का ढर्रा भी बदल डालने की ठानी है।
उद्योग केंद्र के उपायुक्त अमित कुमार सिंह ने बताया कि उद्योग बंधु की अगली बैठक रविवार को मध्यान्ह 12 बजे विकास भवन में आहूत की गई है। जिसमें पहली बार जन प्रतिनिधि भी आमंत्रित किये गये हैं। साथ ही एमओयू पर हस्ताक्षर करने वाले निवेशकों को भी इसमें आमंत्रण दिया गया है। इस बैठक में जनपद में किस तरह और कौन से नये उद्योग लगाये जा सकते हैं और वर्तमान उद्योगों की दशा कैसे सुधारी जा सकती है इस पर गहन मंथन होगा।
गौरतलब है कि लंबे समय से यह मांग हो रही है कि जनपद में उद्योगों की दुर्दशा को देखते हुए एक बार फिर यहां नये उद्योग स्थापित करने वालों के लिए जीएसटी, विद्युत शुल्क आदि में रियायतों की घोषणा की जाये। पहले इन रियायतों का दुरुपयोग इसलिए हुआ क्योंकि जिन उद्योगों की स्थापना इन लाभों को प्रदान करने के लिए कराई गई उनके कच्चे माल की उपलब्धता स्थानीय स्तर पर नही थी। इसलिए रियायतें बंद होते ही उक्त उद्योग पलायन कर गये। इस कारण इस बात पर जोर दिया जा रहा है कि यहां उन्ही उद्योगों को मंजूरी दी जाये जो स्थानीय कच्चे माल पर आधारित हों। इस दिशा में हाल में औद्योगिक आस्थान में बड़े मटर प्रोसेसिंग प्लांट की स्थापना हुई है। मौरम टाइल्स की कई इकाइयां खुली हैं जो इसी भावना के अनुरूप हैं। उद्योग बंधु की इस बार की महत्वाकांक्षी बैठक में इस पर व्यापक चर्चा होगी। जिले में पर्यटन उद्योग की भी बहुत संभावनाऐं देखी जाती हैं लेकिन आज तक उद्योग बंधु की बैठक में इस पर कोई विमर्श नही हुआ। अनुमान है कि पंचनद और कालपी सहित विभिन्न क्षेत्रों में पर्यटकीय संभावनाओं का दोहन करके व्यापक रोजगार सृजन के लिए भी 29 जुलाई की बैठक में उपयोगी चिंतन होगा।

Leave a comment