उरई। लगातार हो रही बारिश के कारण कुठौंद में कई घरों में रात से ही पानी भर गया। जिसके कारण सुबह लोगों के चूल्हे तक नही जल सके। नाराज ग्रामीणों ने माधौगढ़ मार्ग पर खटीकान मोहल्ले के सामने जाम लगा दिया। कई घंटों तक जाम लगा रहा। तनाव की स्थिति को देखते हुए आसपास के कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया था। अधिकारियों ने घंटों तक मान-मनौव्वल की लेकिन जब नाले की सफाई शुरू हो गई तभी लोगों ने जाम खोला।
जालौन-औरैया मार्ग पर स्थित 15 हजार से अधिक आबादी के कुठौंद गांव में लोगों ने तालाबों पर कब्जे कर लिए हैं। जिसकी सुध प्रशासन ने समय रहते नही ली। इसके अलावा नाले की सफाई भी नही कराई गई थी। नतीजतन रविवार की रात हुई बारिश में मोहल्ला खटीकान में किशुन, नंदलाल, रामनरेश, कमला, अल्लू, कैलाश, शिवकुमार, पप्पू, राजू, पप्पू बाल्मीकि, छुन्ना आदि के घरों में लबालब पानी भर गया। इससे उनके लिए भारी परेशानी खड़ी हो गई। किसी घर में में सुबह खाना भी नही बना।
इसके बाद सोमवार को दोपहर लगभग 10 बजे लोगों ने सड़क पर जाम लगा दिया। जाम का नेतृत्व महिलाएं कर रही थी। जिसके कारण पुलिस उनसे भिड़ नही पा रही थी। तनाव बढ़ता देख कुठौंद के अलावा सिरसाकलार, गोहन और जालौन कोतवाली का फोर्स भी मौके पर बुला लिया गया। जालौन के पुलिस उपाधीक्षक संजय शर्मा, माधौगढ़ के पुलिस उपाधीक्षक गिरीश कुमार सिंह, तहसीलदार जितेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी मनोज कुमार सिंह, प्रधान विवेक कुमार सिंह ने मौके पर महिलाओं को समझा बुझाकर जाम हटवाने की कोशिश की लेकिन महिलाएं नाला साफ होने का काम शुरू होने के पहले सड़क पर धरना खत्म करने को तैयार नही थी।
बाद में आनन-फानन जेसीबी को बुलाकर नाले की सफाई और खुदाई युद्ध स्तर पर शुरू करा दी गई। तब दोपहर बाद लगभग 3 बजे जाम खत्म हो सका। नाले की सफाई शुरू हो जाने से लोगों के घरों से धीरे-धीरे पानी हटना शुरू हो गया है जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।






Leave a comment