उरई। किसान के क्रेडिट कार्ड पर उसकी जानकारी के बिना रकम की निकासी कर उसकी खेती बंधक कर दी गई। घबराया किसान जब अपनी फरियाद सुनाने बैंक मैनेजर के पास पहुंचा तो सांत्वना देकर धैर्य बधाने की बजाय मैनेजर ने उसको गाली-गलौज कर भगा दिया। किसान द्वारा शनिवार को की गई इस शिकायत पर जिलाधिकारी ने अग्रणी बैंक प्रबंधक को जांच कर कार्रवाई के लिए सख्ती से निर्देशित किया है।
सरकार द्वारा किसानों के साथ हमदर्दी जताये जाने क बावजूद बैंक अधिकारियों का रवैया नही बदला है। उनकी कारस्तानी से किसानों के साथ धोखाधड़ी हो रही है और दुखड़ा रोने पर बेइज्जत किया जा रहा है। ऐसा ही कालपी तहसील के अंतर्गत यूपी इलाहाबाद ग्रामीण बैंक की मुसमरिया शाखा में हुआ। जहां खाखरी निवासी किसान श्याम पुत्र प्रयाग नारायण के क्रेडिट कार्ड पर 1 लाख 8 हजार 100 रुपये की निकासी करके उनकी जमीन बंधक कर दी गई। जब श्यामा को इसका पता चला तो हड़बड़ाकर उसने बैंक के मैनेजर के पास पहुंचकर गुहार लगाई। लेकिन मिली भगत की वजह से मैनेजर ने उसकी शिकायत संज्ञान में लेने की बजाय उसे गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जिससे वह उल्टे पैरों वापस लौट जाने को मजबूर हो गया।
आज श्यामा ने अपनी आपबीती जिला मुख्यालय पर आकर जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर को सुनाई तो उन्होंने गंभीरता दिखाते हुए अग्रणी बैंक प्रबंधक को निर्देशित किया कि किसान के साथ हुई कथित धोखाधड़ी और इसमें बैंक मैनेजर की भूमिका की जांच करें। शिकायत सही सिद्ध होने पर कड़ी कार्रवाई की जाये।

Leave a comment