उरई। माधौगढ़ थाने के अकबरपुरा से साइकिल से तीर्थ यात्रा करके लौटे दल में शामिल एक युवक को घर पहुंचते ही सीने में दर्द उठा जिस पर उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गत 2 अगस्त को अकबरपुरा के बजरंगदास के नेतृत्व में दीपेंद्र सिंह, पंकज सिंह, राहुल सिंह, दिलीप, विपिन सिंह, संदीप सिंह और रोहित सिंह साइकिल से तीर्थ यात्रा पर निकले उन्होंने राजस्थान में केला देवी और बालाजी के दर्शन किये। बाद में आगरा व पचनद होते हुए सोमवार को सुबह घर लौट आये।
दोपहर में इनमें से विपिन सिंह उर्फ बंटे (30वर्ष) पुत्र स्व. मुन्ना सिंह को सीने में तेज दर्द होने लगा। दर्द असहनीय हो जाने पर परिजन जब तक उसे लेकर अस्पताल पहुंचे तब तक उसके प्राण पखेरू उड़ चुके थे। मृतक किसान था उसकी पत्नी की भी तीन वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उसका राजन नाम का 8 वर्ष का एक पुत्र है। जिसकी नियति के बारे में सोचकर पूरा गांव गमजदा हो गया है।

Leave a comment