उरई। माधौगढ़ में मंगलवार को जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया जिसमें पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह व सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे। उमस के कारण फरियादी बेहाल दिखे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को फरियादियों की समस्या का सार्थक निस्तारण जल्द से जल्द करने के निर्देश दिये।
डीएम की अध्यक्षता होने के कारण माधौगढ़ के तहसील दिवस में आज ज्यादा रौनक रही लेकिन उमस का असर भी नजर आया। डीएम की अध्यक्षता में होने वाले हर तहसील दिवस जितनी गहमा-गहमी आज नही थी। जिलाधिकारी ने फरियादियों की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि लोगों की समस्याओं का निस्तारण जिला स्तर पर ही कर दिया जाये जिससे लोगों को राजधानी का चक्कर न लगाना पड़े। इसलिए तहसील दिवस की शिकायतों को गंभीरता से लें और उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें। इसमें हीला-हवाली करने वाले अधिकारी दंडित किये जायेगें।

Leave a comment