कुठौंद-उरई । कस्बा के तालाब को पूर कर उस पर कब्जा करने के प्रयास की शिकायत प्रशासनिक जाँच में सही पायी गई है । शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने अधीनस्थों को जांच के लिए भेजा वहीं उपजिलाधिकारी जालौन स्वयं भी मौके पर मौजूद रहे । गौरतलब है कि मिट्टी का अवैध खनन कराने के लिए पहले से ही चर्चा के केंद्र में चले आ रहे बृजराज यादव कुठीला को जब स्थानीय पत्रकार स्वदेश रानू ने तालाब में मिट्टी डलवाने की करतूत से रोका था ताकि बरसात होने पर घरों के भीतर पानी भरने के संकट से लोगों को न जूझना पड़े तो उसने स्वदेश को देख लेने की धमकी देने की जुर्रत कर डाली । इसके बाद मामला तूल पकड़ गया । पुलिस ने आनन फानन स्वदेश की ओर से मुक़दमा दर्ज कर बृजराज को सत्तारूढ़ पार्टी के एक बड़े माननीय से जुड़े होने का  गुमान चकनाचूर कर डाला । उधर अभी तक चुप्पी साधे प्रशासन भी बृजराज के खिलार हरकत में आ गया ।

 

ब्रजराज यादव कुठीला और उनके साथी मंगल सिंह, अशोक, धर्मेन्द्र कुशवाहा द्वारा अवैध मिट्टी खनन करके कब्जे की नीयत से कस्बे के मुख्य बाजार के तालाब में मिट्टी डलवाई  रही थी जिसके चलते क्षेत्र में जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती जिस पर लोगों ने शिकायती पत्र दिया था जिस पर उपजिलाधिकारी भैरपाल सिंह मौके पर गए और पूर मामले को देखा तथा लोगों को आश्वस्त किया कि जो लोग इस तरह के अवैध काम में लिप्त हैं और तालाब पर कब्जे का प्रयास कर रहे हैं उन पर एंटी भू माफिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधीनस्थों को निर्देश दिए कि इसमें कोई हीलाहवाली नहीं होनी चाहिए। तालाब पर अतिक्रमण करने वालों की सूची बनाओ । उनके खिलाफ  कड़ी कार्यवाही होगी। उन्होंने बताया कि नाहिली में बांध से खोदी गई मिट्टी की जांच भी होगी और रिकवरी कराई जाएगी। इससे माफिया और उसके साथी गुर्गों में  खलबली मच गई है ।

 

 

Leave a comment