* चार टीमें घूमें कस्बे के विभिन्न इलाकों में, खैरी में लगाया कैंप

कोंच-उरई । बिजली उपभोक्ताओं पर करोड़ों की बकायेदारी की भरपाई के लिये विभाग सख्ती पर उतरा है। मंगलवार को एसडीओ विमलकुमार के निर्देशन में कस्बे में चार टीमें विभिन्न इलाकों में घूमी और पांच हजार से ज्यादा के पचास बकायेदारों के संयोजन बेमुरौव्वती से उड़ा दिये गये। उधर, ग्राम खैरी में कैंप लगा कर नये संयोजन बांटे गये और बिलों में संशोधन के बाद राजस्व बसूला गया।

जानकारी के मुताबिक कस्बे में ही बिजली उपभोक्ताओं पर करोड़ों की बकायेदारी है जिसके सापेक्ष बिलों की बसूली बहुत कम हो पा रही है। इस स्थिति से उबरने के लिये विभाग कड़ाई पर आमादा हुआ है जिसमें पांच हजार से ज्यादा के बकायेदारों को अब बिना बिल जमा किये बत्ती नहीं जलाने दी जायेगी। मंगलवार को एसडीओ विमलकुमार के निर्देशन में चार टीमें जेई संजय, जेई मोहनकृष्ण, टीजी-टू प्रभुदयाल आदि की अगुवाई में कस्बे में निकलीं जिन्होंने पांच लाख की बसूली की और पचास उपभोक्ताओं के संयोजन काट दिये गये। उधर, ग्राम खैरी में लगाये गये विद्युत कैंप में 3 लाख के 27 बिलों में संशोधन किया गया, जबकि 65 हजार की बसूली की गई। कैंप में 20 नये कनेक्शन भी बांटे गये। एसडीओ ने कहा है कि उपभोक्ता समय से बिलों की अदायगी कर विभाग के साथ सहयोग करें और किसी भी बिषम परिस्थिति से बचें।

 

Leave a comment