कोंच-उरई। तहसील सभागार में गुरुवार को विधान सभा माधौगढ़ और विधानसभा उरई के क्षेत्र में आने वाले सभी बीएलओ की बैठक आयोजित हुई। जिसकी अध्यक्षता करते हुए उप जिलाधिकारी लल्लन राम ने कहा कि विधान सभा निर्वाचक नामावलियों का संक्षिप्त पुनरीक्षण किया जा रहा है। जिसमें सभी पात्र मतदाताओं के नाम मतदाता सूची में सम्मिलित करने के उददेश्य से 1 सितंबर को विशेष अभियान के तहत सभी बूथों पर शिविर का आयोजन किया जायेगा।
शिविर के माध्यम से मतदाता सूची में नये नाम बढ़ाने हेतु फार्म-6, मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए फार्म-7 और मतदाता सूची में गलत नाम को शुद्ध कराने के लिए फार्म-8 भरवाने के लिए कहा गया है। उप जिलाधिकारी ने कहा कि सभी सहायता प्राप्त और राजकीय शिक्षण संस्थानों में मतदाता रजिस्ट्रेशन हेतु एक कोर्डिनेटर एवं हैल्प डैस्क की स्थापना कराई जाये। प्रत्येक कक्षा के लिए फार्म भरने हेतु एक तिथि और समय निर्धारित कराके घोषणा करा दी जाये। राष्ट्रीय सेवा योजना का इस कार्यक्रम में सहयोग लिया जाये। प्रत्येक कालेज के एक कक्ष को वोटर रजिस्ट्रेशन कक्ष के रूप में स्थापित किया जाये। जिससे कालेज में उपलब्ध संसाधनों जैसे कम्प्यूटर, यूपीएस, इंटरनेट कनेक्टिविटी इत्यादि का प्रयोग कर आन लाइन पंजीकरण कराया जा सके।
उन्होंने कहा कि समस्त राजकीय विभागों, संस्थाओं, बैंकों, पोस्टआफिस में मतदाता रजिस्ट्रेशन से संबंधित व्यापक प्रचार-प्रसार कराया जाये। जिससे कोई भी मतदाता वंचित न रह सके। मतदाता रजिस्ट्रेशन कार्यक्रम में समस्त आद्योगिक एवं व्यवसायिक संगठनों सिविल सोसाइटी और गैर सरकारी संगठनों का भी सहयोग लिया जाये।
सभी बीएलओ, सभी राजनैतिक दलों की बैठक बुलाकर उनसे यदि समस्त पोलिंग स्टेशनों पर एजेंट की तैनाती न कर पाये हों तो उन्हें तैनात करने के लिए कहा जाये। उन्होंने बताया कि 9 सितंबर, 23 सितंबर, 7 अक्टूबर, 14 अक्टूबर और 28 अक्टूबर को सभी संबंधित बूथों पर विशेष मतदाता कैंप का आयोजन किया जायेगा।
इस अवसर पर नायब तहसीलदार राकेश राजपूत, कानूनगो अशोक कुशवाहा, बीआरसी बाबू अजय कुमार, बीएलओ भीम बाल्मीकि, मनोज कुमार, शमसुददीन, धर्मेंद्र कुमार, तुलसीराम, विनोद कुमार, हमीर सिंह, फूल सिंह, शिवपूजन, जबर सिंह, सिद्धांत सिंह, राजपाल सिंह, श्यामबाबू, श्याम करण आदि बीएलओ उपस्थित रहे।






Leave a comment